अगर आप भी नौकरी की तलाश में हैं, तो अगली बार जब इंटरव्यू के लिए वीडियो कॉल या मीटिंग अटेंड करने को कहा जाए, तो चौकन्ने हो जाएं। दरअसल ऑनलाइन ठगी करने वालों ने अब इंटरव्यू कॉल को भी लोगों के बैंक अकाउंट खाली करने का जरिया बना लिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार गृह मंत्रालय के अधीन आने वाले भारतीय साइबर पर अपराध समन्वय केंद्र ने देशभर के लिए चेतावनी जारी की है। ये चेतावनी नामी कंपनियों के नाम से चलाए जा रहे फर्जी जॉब इंटरव्यू से जुड़ी है।
जालसाज ऑनलाइन इंटरव्यू और वेरिफिकेशन के लोगों के अकाउंट खाली कर रहे हैं। यह एक तरह का AI-बायोमेट्रिक स्कैम है, जिसमें आपके चेहरे को स्कैन कर ठगी को अंजाम दिया जाता है।
दरअसल ऑनलाइन ठगी करने वालों ने लोगों को चूना लगाने का नया रास्ता तलाशा है। इसमें पहले लोगों को शानदार जॉब का ऑफर भेजा जाता है और फिर ऑनलाइन इंटरव्यू या वेरिफिकेशन के बहाने आपका कीमती डेटा चुरा लिया जाता है। इस ठगी का शिकार कई लोग हो चुके हैं और यह सारा प्रोसेस किसी असली जॉब इंटरव्यू की तरह ही लगता है। इसमें ठगी करने वालों का मकसद किसी तरह से आपको ऑनलाइन कॉल या मीटिंग पर लाना होता है।
इस स्कैम में स्कैमर्स बेहद सोची-समझी साजिश के तहत काम करते हैं।
लोगों को नौकरी के नाम पर इंटरव्यू के लिए ऑनलाइन कॉल पर बुलाया जाता है।
इसके बाद इंटरव्यू देने वाले को फेस वेरिफिकेशन या आई स्कैनिंग जैसी प्रक्रियाएं पूरी करने को कहा जाता है।
फिर स्कैमर्स AI टूल्स की मदद से चेहरे और बायोमेट्रिक्स इनपुट की हूबहू नकल तैयार कर लेते हैं।इस नकली पहचान का इस्तेमाल आपके बैंक खातों में सेंध लगाने या आपके मोबाइल नंबर को बदलने के लिए क्या जाता है।
इस स्कैम से बचने के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है कि आप असली-नकली नौकरी के फर्क को समझें।
झांसा देने वाले नौकरी की बात करते हुए जल्दबाजी करते हैं और सिलेक्शन होने का झांसा देकर निजी जानकारी शेयर करने का दबाव बनाते हैं।
ध्यान रखें कि प्रतिष्ठित कंपनिया बिना किसी प्रोसेस के ना तो नौकरी देती हैं और न ही आपसे आपकी बैंक डिटेल्स मांगती हैं।
इसके अलावा इंटरव्यू पर चेहरे को स्कैन करने या आंखों का स्कैन लेने की बात हो, तो चौकन्ने हो जाएं।
कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, ईमेल डोमेन जैसे @companyname.com और सोशल मीडिया प्रोफाइल की अच्छी तरह जांच कर लें।
अनऑफिशियल ईमेल आईडी या संदेहास्पद मैसेजेस पर बिल्कुल भरोसा न करें।
अगर आप इस या इसी तरह के स्कैम का शिकार हो चुके हैं, तो देरी किए बिना तुरंत साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करेंया सरकार के ऑफिशियल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत करें। आप अपने साथ हुई ऑनलाइन ठगी की जानकारी को जितनी जल्दी पुलिस तक पहुंचाएंगे, उतने ही ज्यादा चांस आपके नुकसान की भरपाई के होंगे।

