आज के दौर में मोबाइल डेटा लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी की जरूरत बन चुका है।सोशल मीडिया स्क्रोल करने से लेकर ऑनलाइन क्लास, वीडियो कॉल, ओटीटी और डिजिटल पेमेंट तक लगभग हर काम इंटरनेट पर निर्भर हो गया है।ऐसे में जब फोन का डेटा जल्दी खत्म होने लगता है तो परेशानी बढ़ जाती है।
खासकर 1GB या डेढ़ जीबी डेली डेटा प्लान का इस्तेमाल करने वाले यूजर अक्सर शाम तक इंटरनेट खत्म होने की शिकायत करते हैं।कई लोगों को यह भी लगता है कि टेलिकॉम कंपनियां पूरा डेटा नहीं दे रही है, लेकिन असल वजह अक्सर फोन की कुछ सेटिंग्स और ऐप्स होते हैं जो बिना जरुरत के लगातार इंटरनेट खर्च करते रहते हैं।कुछ सोशल मीडिया एप्स और बैकग्राउंड फीचर्स इतना ज्यादा डेटा इस्तेमाल करते हैं कि यूजर को पता भी नहीं चलता और पूरा इंटरनेट खत्म हो जाता है।
मोबाइल डेटा की सबसे ज्यादा खपत सोशल मीडिया और वीडियो स्ट्रीमिंग ऐप्स करते हैं।इनमें यूट्यूब सबसे ऊपर माना जाता है।अगर कोई यूजर लगातार वीडियो या शॉर्ट्स देखता है तो 1 घंटे में 3GB डेटा खर्च हो सकता है।खासकर एचडी वीडियो देखने पर डेटा तेजी से खत्म होता है।इंस्टाग्राम भी काफी ज्यादा इंटरनेट इस्तेमाल करता है।इंस्टाग्राम एक घंटे तक यूज करने पर यह 500MB से लेकर 1GB तक मोबाइल डेटा यूज कर लेता है। रील्स, हाई क्वालिटी फोटो और ऑटो प्रीलोड फीचर्स की वजह से यह बैकग्राउंड में लगातार डेटा खर्च करता रहता है। फेसबुक पर वीडियो और रील स्क्रोलिंग भी इंटरनेट खपत को बढ़ा देती है।
कई बार यूजर्स फोन इस्तेमाल नहीं कर रहा होता है, फिर भी डेटा खत्म होता रहता है। इसकी वजह बैकग्राउंड में चलने वाले ऐप्स होते हैं। शॉपिंग ऐप्स, मैप सर्विस, गेमिंग ऐप्स और सोशल मीडिया ऐप्स लगातार इंटरनेट इस्तेमाल करते रहते हैं। यही वजह है कि बिना ज्यादा उपयोग किए भी डेटा तेजी से खत्म होने लगता है।गूगल मैप्स और दूसरे नेविगेशन ऐप्स भी काफी डेटा इस्तेमाल करते हैं।हालांकि उनका ऑफलाइन इस्तेमाल भी किया जा सकता है।
फोन में मौजूद ऐप्स और सॉफ्टवेयर का ऑटो अपडेट भी डेटा खत्म करने की बड़ी वजह है।कई बार गूगल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर बैकग्राउंड में बड़े अपडेट डाउनलोड कर लेते हैं, जिससे पूरा डाटा खत्म हो जाता है। इसलिए एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि ऑटो अपडेट ऐप्स को केवल वाईफाई पर सेट करें।
अगर आप मोबाइल डेटा बचाना चाहते हैं तो फोन में डेटा सेवर या लो डेटा मोड ऑन कर सकते हैं। एंड्रॉयड और आईफोन दोनों में यह फीचर मौजूद होता है, इसे ऑन करते ही फोन गैर जरूरी बैकग्राउंड इंटरनेट इस्तेमाल कम कर देता है। इसके अलावा व्हाट्सएप में मीडिया ऑटो डाउनलोड बंद करना, इंस्टाग्राम में यूज मोबाइल डेटा फीचर ऑन करना और क्रोम ब्राउजर में लाइट मोड इस्तेमाल करना भी काफी मददगार साबित होता है।वहीं एंड्रॉयड फोन में डेटा वार्निंग और डेटा लिमिट फीचर मिलता है, इसमें यूजर अपनी रोजाना इंटरनेट लिमिट तय कर सकता है। लिमिट पूरी होते हैं ही फोन इंटरनेट इस्तेमाल रोक देता है, इससे जरूरत के समय डेटा बचा रहता है और पूरा दिन आसानी से इंटरनेट चलाया जा सकता है।

