Foot Smell Problem: गर्मियों में पैरों से आने वाली बदबू को ज्यादातर लोग सामान्य समस्या मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यह आदत आगे चलकर गंभीर हेल्थ प्रॉब्लम्स की वजह बन सकती है। खासकर लंबे समय तक जूते और मोजे पहनने वालों में यह समस्या तेजी से बढ़ रही है। विशेषज्ञों के मुताबिक पैरों से आने वाली बदबू सिर्फ पसीने की वजह से नहीं होती, बल्कि जूतों और मोजों के अंदर फंसी नमी में पनपने वाले बैक्टीरिया इसके पीछे सबसे बड़ा कारण होते हैं।
क्यों आती है पैरों से बदबू?
गर्मियों में ज्यादा पसीना आने से पैर लंबे समय तक गीले रहते हैं। बंद जूतों के अंदर हवा नहीं पहुंचने के कारण बैक्टीरिया तेजी से बढ़ने लगते हैं। यही बैक्टीरिया पसीने और त्वचा की मृत कोशिकाओं को तोड़कर बदबू पैदा करते हैं। घर लौटकर जूते और मोजे उतारते ही तेज दुर्गंध महसूस होना इसी का संकेत है।
सिर्फ बदबू नहीं, हो सकती हैं ये गंभीर समस्याएं
डॉक्टरों का कहना है कि अगर समय रहते इस समस्या पर ध्यान न दिया जाए तो यह कई तरह के स्किन और फंगल इंफेक्शन का कारण बन सकती है। ज्यादा पसीने और नमी के कारण पैरों में ये समस्याएं देखने को मिल सकती हैं—
- फंगल इन्फेक्शन
- त्वचा निकलना
- उंगलियों के बीच खुजली
- जलन और लालपन
- छाले पड़ना
- एड़ियों और त्वचा में दरारें
Diabetes Patients के लिए ज्यादा खतरा
डायबिटीज मरीजों को पैरों की बदबू, खुजली या फंगल इंफेक्शन को हल्के में नहीं लेना चाहिए। हाई ब्लड शुगर की वजह से शरीर में ब्लड सर्कुलेशन और नसों पर असर पड़ता है, जिससे छोटी चोट या इंफेक्शन का समय पर पता नहीं चल पाता। ऐसे में मामूली दरार या खुजली भी बड़ा इंफेक्शन बन सकती है।
विशेषज्ञों के अनुसार डायबिटीज मरीजों को रोज पैरों की जांच करनी चाहिए और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
गंदे और गीले मोजे बढ़ा सकते हैं खतरा
एक ही मोजे को लंबे समय तक पहनना भी पैरों की बदबू और इंफेक्शन की बड़ी वजह है। ऑफिस, यात्रा या खेलकूद के दौरान मोजे पसीना सोख लेते हैं और लगातार नमी बनाए रखते हैं। इससे बैक्टीरिया और फंगस तेजी से पनपते हैं।
ऐसे करें पैरों की बदबू से बचाव
गर्मियों में कुछ आसान आदतें अपनाकर इस समस्या से काफी हद तक बचा जा सकता है—
- रोज पैरों को धोकर अच्छी तरह सुखाएं
- उंगलियों के बीच की जगह सूखी रखें
- रोज साफ और सूखे मोजे पहनें
- ज्यादा पसीना आने पर मोजे बदलें
- जूतों को धूप और हवा में रखें
- सूती और पसीना सोखने वाले मोजों का इस्तेमाल करें
पैरों की बदबू को न करें नजरअंदाज
अगर लंबे समय तक पैरों में बदबू, खुजली, जलन या त्वचा में बदलाव बना रहे, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। समय पर इलाज और साफ-सफाई से बड़ी परेशानियों से बचा जा सकता है।

