Bihar News: बाढ़ और सुखाड़ से निपटने के लिए सरकार अलर्ट, डिप्टी CM विजय कुमार चौधरी ने दिए सख्त निर्देश

0
23

Bihar News: बिहार में संभावित बाढ़ और सुखाड़ को लेकर सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को पटना स्थित सिंचाई भवन में जल संसाधन विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री एवं जल संसाधन मंत्री Vijay Kumar Chaudhary ने की। बैठक में विभागीय अधिकारियों और अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सभी कार्य निर्धारित समय से पहले और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

‘काम में कोताही बरती तो होगी सख्त कार्रवाई’

बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि बाढ़ और अल्प वर्षा जैसी दोनों परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी जरूरी तैयारियां समय से पहले पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने साफ कहा कि बेहतर काम करने वाले अधिकारियों को सराहा जाएगा, जबकि जानबूझकर लापरवाही करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

तटबंधों पर 24 घंटे निगरानी और पेट्रोलिंग के निर्देश

संभावित बाढ़ को देखते हुए उप मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील इलाकों में तटबंधों की लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ अवधि में तटबंधों की पूरी लंबाई पर नियमित निरीक्षण किया जाए ताकि किसी भी प्रकार की क्षति को समय रहते रोका जा सके।

इसके साथ ही कटाव निरोधी कार्यों, तटबंधों की मरम्मत और बाढ़ सुरक्षात्मक सामग्री की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई।

किसानों को मिलेगा नहरों के अंतिम छोर तक पानी

बैठक में खरीफ सीजन को लेकर भी अहम चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य की सभी नहर प्रणालियों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को नहरों के अंतिम छोर तक पानी आसानी से पहुंचे।

उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पिछले साल पानी नहीं पहुंच पाया था, वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य कराया जाए। साथ ही अतिक्रमण और अन्य जटिल मामलों के समाधान के लिए जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाने को कहा गया।

किसानों से सीधे संवाद करने का निर्देश

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को किसानों से सीधे संपर्क कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी लेने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना है ताकि खरीफ फसलों पर किसी तरह का असर न पड़े।

वहीं जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि बाढ़ सुरक्षा, तटबंध अनुरक्षण और नहर प्रणालियों से जुड़े सभी कार्य समय से पहले पूरे किए जाएं ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here