Bihar News: पटना समेत बिहार के 6 जिलों में हुआ बड़ा मॉकड्रिल, 15 मिनट के ब्लैकआउट से मचा हड़कंप

0
1

Bihar News: बिहार में आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने के लिए गुरुवार को बड़े स्तर पर मॉकड्रिल आयोजित किया गया। गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर आपदा प्रबंधन विभाग, नागरिक सुरक्षा निदेशालय और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में पटना समेत राज्य के छह जिलों में हवाई हमला और ब्लैकआउट से जुड़ा अभ्यास सफलतापूर्वक किया गया।

  यह मॉकड्रिल पटना, किशनगंज, बेगूसराय, पूर्णिया, अररिया और कटिहार जिलों में आयोजित हुआ। पूरे दिन चले इस अभ्यास का समापन शाम 7 बजे से 7:15 बजे तक किए गए पूर्ण ब्लैकआउट के साथ हुआ।

एयर रेड से रेस्क्यू ऑपरेशन तक हुआ अभ्यास

मॉकड्रिल के दौरान कई तरह की आपातकालीन परिस्थितियों का अभ्यास किया गया। इसमें एयर रेड अर्ली वार्निंग, लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाना, सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन, मेडिकल रिस्पॉन्स, घायलों को निकालना, फायर फाइटिंग और ब्लैकआउट प्रबंधन जैसे छह प्रमुख परिदृश्यों को शामिल किया गया।

नागरिक सुरक्षा निदेशालय के महानिदेशक डॉ. परेश सक्सेना पटना कंट्रोल रूम से पूरे ऑपरेशन की लगातार निगरानी करते रहे। वहीं आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल के निर्देश पर राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) से भी सभी जिलों की गतिविधियों पर नजर रखी गई।

कई अहम स्थानों पर हुआ मॉकड्रिल

पटना में समाहरणालय मुख्य भवन, बिस्कोमान भवन, बांकीपुर बस स्टैंड और आईजीआईएमएस परिसर में अभ्यास किया गया। वहीं किशनगंज में समाहरणालय, बस स्टैंड और गांधी चौक को मॉकड्रिल के लिए चुना गया।

बेगूसराय में सदर अस्पताल, इंजीनियरिंग कॉलेज, IOCL बरौनी, NTPC बरौनी और HURL परिसर में अभ्यास हुआ। कटिहार में रेलवे स्टेशन, होटल, मॉल और पुस्तकालयों में मॉकड्रिल आयोजित की गई।

पूर्णिया में विश्वविद्यालय, जिला स्कूल, रंगभूमि मैदान और गुलाब बाग मंडी जैसे प्रमुख स्थानों पर अभ्यास किया गया। वहीं अररिया जिले में नगर परिषद कार्यालयों, स्कूलों और खेल भवनों में मॉकड्रिल का आयोजन हुआ।

अधिकारियों ने लिया जायजा

ब्लैकआउट के दौरान पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एस.एम. और कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र को मॉकड्रिल की जानकारी भी दी।

इस दौरान पुलिस, नगर विकास विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

आपदा से निपटने की तैयारी को मिलेगा फायदा

सरकार का मानना है कि इस तरह के अभ्यास से प्रशासनिक एजेंसियों के बीच समन्वय बेहतर होगा और किसी भी आपात स्थिति में तेजी से कार्रवाई करने की क्षमता मजबूत होगी। साथ ही लोगों में भी आपदा प्रबंधन को लेकर जागरूकता बढ़ेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here