Bihar News: पटना समेत बिहार के कई जिलों में 08 मई को आए तेज आंधी-तूफान के बाद राज्य सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। आपदा प्रबंधन विभाग, जिला प्रशासन, नगर निगम, वन विभाग और SDRF की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। प्रभावित इलाकों में सड़कों से पेड़ हटाने, सफाई करने और जनजीवन सामान्य करने का काम युद्धस्तर पर जारी है।
आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह के निर्देश पर विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित कर तेजी से राहत कार्य चलाया जा रहा है। सरकार का दावा है कि आम लोगों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
पटना के कई इलाकों में लगातार चल रहा सफाई अभियान
राजधानी पटना के गायघाट, कंकड़बाग, हार्डिंग रोड, हज भवन, सचिवालय, गर्दनीबाग, 96 ऑफिसर्स एनक्लेव, हवाई अड्डा, बेली रोड, पुनाईचक, नेहरू पार्क और पटना म्यूजियम समेत आसपास के क्षेत्रों में सफाई और अवरोध हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है।

कई जगहों पर सड़क पर गिरे पेड़ों और टूटे अवरोधों को हटाने के लिए भारी मशीनों और आपदा राहत टीमों की मदद ली जा रही है। प्रशासन का फोकस मुख्य सड़कों को जल्द चालू करने और ट्रैफिक व्यवस्था बहाल करने पर है।
मंत्री रत्नेश सदा और मुख्य सचिव लगातार कर रहे मॉनिटरिंग
आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री रत्नेश सदा और बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत राहत एवं बचाव कार्य की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि प्रभावित इलाकों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और राहत कार्य तेजी से पूरा किया जाए।

सरकार का कहना है कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम कर रहे हैं ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
लोगों से अफवाहों से बचने की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि लोग केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तुरंत सूचना दें।

आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
हेल्पलाइन नंबर जारी
आपदा प्रबंधन विभाग के राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के हेल्पलाइन नंबर 0612-2294204 और 0612-2294205 जारी किए गए हैं। वहीं आपातकालीन सहायता के लिए 1070 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।

