Cryptic Crossword Competition 2026: राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित क्रिप्टिक क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता CCCC 2026 के दूसरे ऑनलाइन राउंड में पटना के छात्रों ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। धैर्य पांडेय ने एकल प्रतिभागी के रूप में पूरे देश में पहला स्थान हासिल कर बिहार का नाम रोशन किया है।
टीम कैटेगरी में भी पटना का जलवा
टीम प्रतियोगिता में DPS Patna के छात्रों—नान्या देव सिंह और हेमांग चंद्र—ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं तीसरे स्थान पर SES Gurukul Pune की टीम रही, जिसमें अवनि फिस्के और मुद्रा पैडारकर शामिल थे।
देशभर के स्कूलों की भागीदारी, कड़ी टक्कर
इस प्रतियोगिता के 14वें संस्करण में देशभर के स्कूलों के छात्रों ने भाग लिया। प्रतियोगिता crypticsingh.com पर ऑनलाइन आयोजित की जा रही है, जहां प्रतिभागियों को एकल या टीम के रूप में भाग लेने का मौका दिया गया है। फेज I का अंतिम राउंड 26 अप्रैल को आयोजित होगा।
राज्य और शहर स्तर पर भी दिखी प्रतिभा
राज्य स्तर पर बिहार के दरभंगा पब्लिक स्कूल के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया, जबकि मध्य प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और असम के छात्रों ने भी शीर्ष स्थान हासिल किए। शहर स्तर पर भी भागलपुर, दिल्ली, भोपाल और बेंगलुरु के छात्रों ने अपनी प्रतिभा का दम दिखाया।
देश की सबसे बड़ी स्कूल क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता
CCCC को दुनिया की सबसे बड़ी स्कूल क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता माना जाता है, जिसमें ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों चरण होते हैं। फेज I से चयनित प्रतिभागी आगे फेज II में पहुंचेंगे, और अंत में राष्ट्रीय राजधानी में ग्रैंड फिनाले में हिस्सा लेंगे।
अभी भी मौका, कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन
जो छात्र इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेना चाहते हैं, वे अभी भी crypticsingh.com पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं और 26 अप्रैल को होने वाले अंतिम राउंड में भाग ले सकते हैं।

