Bihar News: ‘नारी शक्ति फॉर विकसित भारत रन’ कार्यक्रम में शामिल हुए CM सम्राट चौधरी, कहा- आज का दिन महिलाओं के लिए होगा क्रांतिकारी

0
14

Bihar News: पटना में जेपी गंगा पथ स्थित दीघा गोलंबर पर शुक्रवार को ‘नारी शक्ति फॉर विकसित भारत रन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए। उन्होंने बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं को हरी झंडी दिखाकर रन की शुरुआत कराई।

कार्यक्रम में महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सभी प्रतिभागियों ने हाथ हिलाकर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया, वहीं नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत चल रहे हस्ताक्षर अभियान में भी CM ने हिस्सा लेकर समर्थन जताया।

‘आज का दिन होगा ऐतिहासिक’—महिला आरक्षण पर बड़ा बयान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 अप्रैल का दिन देश की महिलाओं के लिए ऐतिहासिक और क्रांतिकारी साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद यह सबसे बड़ा कदम होगा, जो महिलाओं को सशक्त बनाएगा।

CM ने बताया कि यदि महिला आरक्षण विधेयक पारित होता है, तो लोकसभा की सीटें 543 से बढ़कर 816 हो जाएंगी और इनमें से एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। इससे महिलाएं न सिर्फ संसद में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करेंगी बल्कि देश की नीति-निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगी।

बिहार मॉडल का जिक्र, नीतीश कुमार के फैसले की सराहना

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार पहले से ही महिला सशक्तिकरण की दिशा में अग्रणी रहा है। उन्होंने नीतीश कुमार के फैसलों का जिक्र करते हुए बताया कि पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण देने से महिलाओं को नई ताकत मिली है।

   

उन्होंने कहा कि अब केंद्र सरकार भी इसी दिशा में बड़ा कदम उठा रही है, जिससे देशभर में महिलाओं की भागीदारी और बढ़ेगी।

प्रधानमंत्री के विजन का किया समर्थन

CM ने नरेंद्र मोदी के विजन की सराहना करते हुए कहा कि लोकसभा और विधानसभा में एक-तिहाई सीटों पर महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना देश को विकसित भारत की ओर ले जाने वाला ऐतिहासिक निर्णय है। उन्होंने सभी बिहारवासियों से इस फैसले का एकजुट होकर स्वागत करने की अपील की।

जनप्रतिनिधियों और महिलाओं की रही बड़ी भागीदारी

कार्यक्रम में विधायक श्रेयसी सिंह, रमा निषाद, संगीता कुमारी, पटना की मेयर सीता साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी ने इस आयोजन को खास बना दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here