Feeling dry and smelly in the morning? This serious problem is lurking inside your body.
सुबह उठते ही मुंह सूखा-सूखा लगे और बदबू आए, तो हम अक्सर इसे सामान्य “मॉर्निंग ब्रीथ” मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन कई बार यह सिर्फ रात भर की नींद का असर नहीं होता, बल्कि शरीर के अंदर चल रही कुछ गड़बड़ियों का संकेत भी हो सकता है।असल में हमारा मुंह शरीर का एक तरह का आईना होता है, जो बताता है कि रात के दौरान शरीर ने पानी, सांस और पाचन को कैसे संभाला।
डॉ. गर्गी सिंह ठाकुर के अनुसार सुबह मुंह सूखना या बदबू आना डिहाइड्रेशन, खराब नींद या मेटाबॉलिज्म से जुड़ी समस्याओं का संकेत हो सकता है। दरअसल, जब हम सोते हैं तो शरीर में लार बनना कम हो जाता है।यही लार हमारे मुंह को साफ रखती है, बैक्टीरिया को कंट्रोल करती है और खाने के कणों को हटाती है। जैसे ही इसकी मात्रा घटती है, बैक्टीरिया तेजी से बढ़ने लगते हैं और सुबह बदबू ज्यादा महसूस होती है।
मुंह सूखने की एक बड़ी वजह डिहाइड्रेशन भी है।अगर शरीर में पानी की कमी होती है, तो शरीर जरूरी अंगों को प्राथमिकता देता है और मुंह में लार कम बनने लगती है।एसी में सोना, रात में कैफीन या शराब लेना इस समस्या को और बढ़ा सकता है। एक और कारण है मुंह से सांस लेना। कई लोग नाक बंद होने, एलर्जी या आदत की वजह से मुंह से सांस लेते हैं, जिससे मुंह जल्दी सूख जाता है और बैक्टीरिया बढ़ने लगते हैं। यह खराब नींद का भी संकेत हो सकता है, क्योंकि मुंह से सांस लेना अक्सर खर्राटों और नींद टूटने से जुड़ा होता है।
नींद की क्वालिटी भी यहां अहम भूमिका निभाती है।अगर नींद बार-बार टूटती है या गहरी नहीं होती, तो नर्वस सिस्टम प्रभावित होता है और लार का बनना और कम हो जाता है।यही वजह है कि जो लोग ठीक से सो नहीं पाते, उन्हें सुबह यह समस्या ज्यादा होती है। कई बार बदबू का कारण पाचन से भी जुड़ा होता है। अगर खाना सही तरीके से नहीं पचता, तो शरीर में कुछ तत्व जमा होने लगते हैं, जो सांस के जरिए बाहर आते हैं और बदबू पैदा करते हैं। एसिड रिफ्लक्स या अनियमित खानपान इस समस्या को और बढ़ा सकते हैं।
तनाव और कुछ दवाइयां भी इस समस्या को बढ़ा सकती हैं। तनाव से सांस लेने का तरीका बदल जाता है और लार कम बनने लगती है।वहीं, कुछ दवाइयां जैसे एंटीहिस्टामिन या ब्लड प्रेशर की दवाएं भी मुंह को सूखा बना सकती हैं।

