अक्सर हम सोचते हैं कि पानी पीना बहुत आसान काम है। प्यास लगी तो पी लिया, नहीं लगी तो नहीं पिया, लेकिन हमारे शरीर के अंदर मौजूद किडनी लगातार काम करते रहते हैं।वे खून को साफ करते हैं, शरीर से गंदगी बाहर निकालते हैं, नमक और पानी का संतुलन बनाए रखते हैं और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में मदद करते हैं। अगर हम बहुत कम या बहुत ज्यादा पानी पीते हैं, तो इसका सीधा असर किडनी पर पड़ता है।सही मात्रा में पानी पीना जरूरी है, लेकिन संतुलन बनाए रखना उससे भी ज्यादा जरूरी है।
जब आप पर्याप्त पानी नहीं पीते तो इससे डिहाइड्रेशन हो जाती है। इससे पेशाब गाढ़ा हो जाता है, किडनी पर दबाव बढ़ता है, पथरी बनने का खतरा बढ़ता है, यूरिन इन्फेक्शन हो सकता है, लंबे समय में किडनी की बीमारी का खतरा बढ़ सकता है, हल्का डिहाइड्रेशन भी दिमाग की कार्यक्षमता, मूड और शारीरिक क्षमता को प्रभावित कर सकता है। बुजुर्गों और प्रेग्नेंट महिलाओं में यह ज्यादा जोखिम भरा हो सकता है।
बहुत से लोग सोचते हैं कि अगर वे दिनभर चाय, कॉफी या जूस पी रहे हैं, तो उन्हें अलग से पानी पीने की जरूरत नहीं है।लेकिन सच्चाई यह है कि कैफीन वाले पेय (चाय, कॉफी) शरीर से पानी जल्दी बाहर निकाल सकते हैं।ज्यादा शक्कर वाले पेय शरीर पर अतिरिक्त बोझ डालते हैं।सादा पानी सबसे सुरक्षित और बेहतर ऑप्शन है
अक्सर लोग प्यास लगने का इंतजार करते हैं, लेकिन जब आपको प्यास लगती है, तब तक आपका शरीर थोड़ा डिहाइड्रेट हो चुका होता है। इसका मतलब है कि किडनी पहले से ही अतिरिक्त मेहनत कर रही होती है। इसलिए प्यास का इंतजार करने के बजाय दिनभर थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहना बेहतर है।
बहुत से लोग सोचते हैं जितना ज्यादा पानी, उतना ज्यादा फायदा होगा।लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी पीना भी नुकसानदायक हो सकता है। बहुत ज्यादा पानी (खासकर 3–4 लीटर से ज्यादा बहुत कम समय में) पीने से खून में सोडियम कम हो सकता है। इस स्थिति को हाइपोनेट्रेमिया कहते हैं। इसके लक्षण सिरदर्द, उलझन, चक्कर या गंभीर स्थिति में दौरे या बेहोशी हो सकती है।किडनी एक समय में सीमित मात्रा में ही पानी संभाल सकती है। इसलिए संतुलन जरूरी है।
पानी सही मात्रा में पीने का सबसे आसान तरीका पेशाब के रंग को देखना है। जैसे हल्का पीला रंग सही हाइड्रेशन, गहरा पीला पानी की कमी, बिल्कुल साफ पानी जैसा शायद जरूरत से ज्यादा पानी। सामान्य तौर पर महिलाओं को लगभग 2.2 लीटर और पुरुषों को लगभग 3 लीट पानी प्रतिदिन पीना चाहिए।
किडनी के मरीज, दिल की बीमारी वाले, डायबिटीज के मरीज, प्रेग्नेंट महिलाएं और बुजुर्ग इन लोगों को पानी की मात्रा डॉक्टर की सलाह से तय करनी चाहिए. इन स्थितियों में ज्यादा या कम पानी दोनों ही समस्या पैदा कर सकते हैं.
