न्यूज डेस्क
कर्नाटक के एक निजी छात्रावास में फूड पॉइजिनिंग से 137 छात्रों की तबीयत खराब हो गई। मंगलुरु के शक्तिनगर में एक निजी छात्रावास में कल यानी सोमवार को जहरीला खाना खाने के कारण नर्सिंग और पैरामेडिकल के करीब 137 छात्र बीमार पड़ गए। जिसके बाद उन्हें रात में शहर के अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। छात्रों ने पेट में दर्द, उलटी और दस्त की शिकायत की थी और उन्हें सोमवार रात को अस्पतालों में भर्ती कराया गया। खराब भोजन के लिए दूषित पानी को कारण बताया जा रहा है। कुछ छात्रों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी देते हुए जिला स्वास्थ्य निरीक्षक डॉ. अशोक ने बताया कि सभी छात्र खतरे से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि सामान्य नर्सिंग और बीएससी नर्सिंग के छात्रों को फूड पॉइजिनिंग के कारण विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। छात्र घबरा गए। लगभग 130 छात्रों का इलाज हो चुका है। चिंता या घबराने की कोई जरूरत नहीं है। हम होटल का दौरा करेंगे और उनसे बातचीत करेंगे।
पुलिस जांच में जुटी
जिला स्वास्थ्य निरीक्षक डॉ. अशोक ने घटना की जानकारी देते हुए सभी छात्राओं को आश्वस्त किया कि अब उन्हें कोई खतरा नहीं है। शहर के पुलिस आयुक्त एन. शशि कुमार ने कहा कि अधिकारी इस घटना की जांच कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि छात्रों के बीमार होने की असली वजह क्या है?

