दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में पांच बिहारी जीतकर विधायक बने हैं।इनमें से दो विधायक तो तीन – तीन बार विधायक बने हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में बिहार मूल के जिन पांच प्रत्याशियों ने परचम लहराया है,उनमें भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से तीन और आम आदमी पार्टी (आप) से दो विधायक बने हैं। बीजेपी से अभय वर्मा (दरभंगा), डॉ. पंकज कुमार सिंह (बक्सर) और चंदन कुमार चौधरी (खगड़िया) ने जीत दर्ज की है,जबकि आप से अनिल झा (मधुबनी) और संजीव झा (मधुबनी) को सफलता मिली है।हालांकि आप के विनय मिश्रा द्वारका सीट से हार गए।वह दिग्गज नेता महाबल मिश्र के बेटे हैं।
तीन बार दिल्ली के विधायक चुने जाने वालों में से संजीव झा प्रमुख हैं।इन्होंने बुराड़ी विधान सभा सीट से चुनाव जीतकर तीसरी बार विधायक बनने का गौरव प्राप्त किया। आप प्रत्याशी के रूप में संजीव झा ने 20529 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है।उन्होंने जेडीयू उम्मीदवार शैलेन्द्र कुमार को शिकस्त दी है।
तीसरी बार दिल्ली के विधायक चुने जाने वाले में दूसरा प्रमुख नाम मधुबनी जिले के बेनीपट्टी के बरहा गांव के निवासी अनिल झा का है। इन्होंने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में किरारी विधानसभा सीट पर बीजेपी के बजरंग शुक्ला को 21 हजार 871 वोटों से हराया। वह तीसरी बार जीते हैं।इससे पूर्व वह बीजेपी से दो बार इसी विधानसभा से विजयी हुए थे। पिछले चुनाव में पराजित होने के बाद इस बार इन्होंने आप पार्टी की टिकट पर किरारी विधानसभा से ही चुनाव लड़े और जीत हासिल किया।
दिल्ली विधान सभा चुनाव में दरभंगा- मधुबनी का जलवा देखने को मिला।दिल्ली की लक्ष्मी नगर विधानसभा सीट से जीतनेवाले भारतीय जनता पार्टी के विधायक अभय वर्मा मूल रूप से दरभंगा के रहनेवाले हैं।वह पेशे से वकील और दिल्ली बीजेपी के उपाध्यक्ष भी हैं।उन्हें लक्ष्मी नगर विधानसभा में 65858 वोट मिले। उन्होंने आप के बीबी त्यागी को 11,542 मतों से हराया। इसके अलावा बिहार के बैकग्राउंड से आने वाले उम्मीदवार जिन्होंने दिल्ली विधान सभा का चुनाव जीत हासिल किया वे भी बिहार के इसी दरभंगा – मधुबनी क्षेत्र से ही आते हैं।
दरभंगा – मधुबनी पट्टी के अलावा इस बार दिल्ली विधान सभा में इस बार खगड़िया के परबत्ता प्रखंड के चकप्रयाग निवासी चंदन कुमार चौधरी ने संगम विहार विधानसभा सीट पर बीजेपी के टिकट पर 54049 वोट हासिल किए।उन्होंने आम आदमी पार्टी के दिनेश मोहनिया को 344 वोट से हराया।उनके परबत्ता प्रखंड स्थित पैतृक गांव चकप्रयाग में जश्न का माहौल है।गांव के लोगों ने स्थानीय महावीर मंदिर में मिठाई चढ़ाई और एक-दूसरे को अबीर लगाकर खुशी का इजहार किया।चंदन चौधरी, स्व. रासो चौधरी व कृष्णा देवी के इकलौते पुत्र हैं।चंदन की पत्नी नीलू चौधरी दिल्ली में ही बीजेपी महिला मोर्चा की प्रवक्ता हैं।इसी प्रकार पंकज सिंह का पैतृक गांव बक्सर जिले के ब्रह्मपुर प्रखंड के धरौली में है।उनके बड़े भाई मनोज सिंह सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता हैं।पंकज सिंह को एक लाख 35 हजार से अधिक वोट मिले।उन्होंने करीब 13 हजार मतों से जीत मिली है।