कांग्रेस ने कहा भाजपा की विभाजनकारी राजनीति को जनता ने दिया करारा जवाब !

0
117

न्यूज़ डेस्क 
कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने सात राज्यों में हुए विधानसभा उपचुनावों में ‘इंडिया’ ब्लॉक के शानदार प्रदर्शन को लोकतंत्र की जीत और भाजपा की नीतियों की हार बताया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार, पंजाब और तमिलनाडु में 13 सीटों में से ‘इंडिया’ ब्लॉक ने 10 सीटें हासिल कीं। आम लोगों और युवाओं के खिलाफ भाजपा की नीतियों तथा विभाजनकारी राजनीति को जनता ने खारिज कर दिया है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी ने तीन में से देहरा और नालागढ़ की दो सीटें जीतकर विधानसभा में कुल 40 सीटों के साथ अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। यह जीत हिमाचल प्रदेश के लोगों के अटूट विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने भाजपा की सत्ता परिवर्तन और दल-बदल की राजनीति को खारिज कर दिया है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने के भाजपा के प्रयासों के बावजूद, सच्चाई और जनता की इच्छाशक्ति विजयी हुई है। आज का परिणाम भाजपा द्वारा पूंजीपतियों के समर्थन और तानाशाहीपूर्ण राजनीति के प्रति जनता की कड़ी अस्वीकृति को दर्शाता है। भाजपा ने हमारे नेताओं को डराने-धमकाने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग किया। हालांकि, जनता ने इस खतरनाक राजनीति को पूरी तरह से नकार दिया।

के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि इसी तरह उत्तराखंड में भी कांग्रेस बद्रीनाथ और मंगलौर दोनों सीटों पर विजयी हुई है। अयोध्या और अब बद्रीनाथ में यह महत्वपूर्ण जीत स्पष्ट संदेश देती है कि जनता राजनीतिक लाभ के लिए धर्म के दुरुपयोग का समर्थन नहीं करती। आज के परिणाम लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की भी जीत हैं। जनता ने विभाजनकारी रणनीति और सत्ता हथियाने की राजनीति की बजाय कल्याण और समावेशिता को प्राथमिकता दी है।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने जनहित एजेंडे और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने की प्रतिबद्धता को दोहराती है। जनता ने हमारे प्रति जो विश्वास दिखाया है, उसके हम आभारी हैं, और अपने शेष कार्यकाल और भविष्य के सभी चुनावों में नये जोश के साथ सेवा करते रहने का संकल्प लेते हैं। यह जीत कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सीपीपी चेयरपर्सन सोनिया गांधी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के मार्गदर्शन के अलावा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेताओं और उम्मीदवारों की कड़ी मेहनत के बिना संभव नहीं होती।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here