सोमवार को राहुल गांधी चुनाव प्रचार को लेकर बिहार दौरे पर थे। लोकसभा चुनाव 2024 के अंतिम चरण के प्रचार को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र के खुसरूपुर बख्तियारपुर में एक रैली की।राहुल गांधी की इस रैली में बिहार महागठबंधन में शामिल दलों के दिग्गज नेताओं ने हिस्सा लिया l राहुल गांधी के साथ ही तेजस्वी यादव भी इसका हिस्सा बने। दोनों नेता बीजेपी पर जमकर बरसे। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने इस दौरान पीएम मोदी को निशाने पर लिया।
तेजस्वी यादव ने भरी हुंकार
खुसरूपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने पहले हुंकार भरी और पीएम मोदी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का भाषण अब कोई नहीं सुनना चाहता है। वे मंदिर, मस्जिद, मटन, मछली और मुजरे की बात करते हैं। उनका यही मुद्दा है।वे बिहार आकर लालू जी को, तेजस्वी को, राहुल जी को गाली देते हैं। प्रधानमंत्री पद का उन्हें गरिमा रखना था।नरेंद्र मोदी को तेजस्वी ने विश्व का सबसे झूठा प्रधानमंत्री तक कह दिया और बोले कि ये गोबर को हलवा बना देते हैं।
खटाखट खटाखट खटाखट
तेजस्वी यादव ने कहा कि ये तेजस्वी को जेल भेजने की गारंटी देते हैं, पर तेजस्वी और राहुल नौकरी देने की गारंटी देते हैं। तेजस्वी ने चुटकी भी ली और कहा मिजाज रखिए टना टन टना टन.. नौकरी मिलेगा फटाफट फटाफट.. बहनों के खाते में लाख रुपया जाएगा खटाखट खटाखट बीजेपी हो जाएगा सफाचट सफाचट , कांग्रेस-लालटेन पर वोट मिलेगा ठकाठक ठकाठक।आप मिजाज बुलंद रखिए।जब तेजस्वी यादव यह कह रहे थे तब मंच पर बगल में बैठे राहुल गांधी हस रहे थे।
जेल भेजने वाले बयान पर किया पलटवार
तेजस्वी यादव ने इंडिया गठबंधन की सरकार आने पर अग्निवीर योजना बंद करने की बात कही।वहीं इंडिया गठबंधन के रोड मैप को बताया।उन्होंने कहा कि ये तेजस्वी-राहुल को जेल भेजने की बात करते हैं। ये साबित हो गया कि इनके जेब में ईडी – सीबीआई है।जब लालू जी नहीं डरे तो उनका बेटा भी नहीं डरेगा। हमारे तो श्रीकृष्ण जी ही जेल में पैदा हुए। इंडिया सरकार बनने के बाद जनता तय करेगी कि कौन कहां जाएगा।
राहुल गांधी ने अडानी को लेकर पीएम मोदी को घेरा
इस सभा में शिरकत करते हुए राहुल गांधी ने अडानी के मुद्दे पर पीएम को लपेटे में लिया।नरेंद्र मोदी द्वारा भ्रष्टाचारियों को जेल भेजने वाले बयान पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव के बाद यही ईडी वाले नरेंद्र मोदी से अडाणी के बारे में सवाल पूछेंगे। तब ये कहेंगे कि हम नहीं जानते,परमात्मा ने कहा था। राहुल गांधी का कहना था कि नरेंद्र मोदी अक्सर बातों के बीच परमात्मा को ले आते हैं।उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि किस प्रकार एक इंटरव्यू में पीएम मोदी ने कहा था की बड़े – बड़े फैसले में नहीं लेता ,परमात्मा लेते हैं।
5 जून से महागठबंधन की सरकार शुरू करेगी अपना काम
इस अवसर पर राहुल गांधी ने मंच से एक बड़ा दावा भी कर दिया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी अगली बार पीएम नहीं बन रहे हैं,क्योंकि उत्तर प्रदेश और बिहार में इंडिया गठबंधन का तूफान आ रहा है।उन्होंने कहा कि 4 जून को चुनाव के परिणाम आएंगे और 5 जून से महागठबंधन सरकार अपना काम करना शुरू कर देगी।
संविधान में परिवर्तन करने से रोकेगी इंडिया गठबंधन
संविधान को लेकर राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी और नरेंद्र मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि दुनिया में कोई शक्ति संविधान को छू भी नहीं सकती है।आपने भी अगर ऐसा करने का प्रयास किया, तो इंडिया गठबंधन आपको वहां खड़ा मिलेगा।आप इसका कुछ नहीं कर पाएंगे। राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी को लपेटे में लेते हुए कहा कि इन्होंने अमीरों का करोड़ों रुपया माफ किया है, कांग्रेस गरीबों की लिस्ट बनाएगी। करोड़ों महिलाओं के नाम इस लिस्ट में होंगे। 5 जुलाई को इन करोड़ों महिलाओं के अकाउंट में हम ₹1,00,000 डालेंगे। साथ ही हम किसानों की आमदनी भी दोगुनी करने जा रहे हैं।
नौकरी के मुद्दे पर पीएम मोदी को घेरा
राहुल गांधी ने मंच से कहा कि मोदी जी आप लंबे-लंबे भाषण देना बंद कीजिए। आप देश को बांटने की कोशिश मत कीजिए।आप सबसे पहले देश और बिहार के युवाओं को यह बताइए कि अपने देश के कितने युवाओं को रोजगार दिया? कितनी नौकरियां दी?आपने 2 करोड़ रोजगार की बात की थी, आपने एक युवा को भी नौकरी नहीं दी। नरेंद्र मोदी जी कुछ भी कहें 4 जून के बाद इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। यह संविधान का चुनाव है। बीजेपी वालों ने कहा है कि हम संविधान को फाड़ कर फेंक देंगे।

