6 ठे चरण का मतदान शुरू,कई दिग्गजों का किस्मत आज ईवीएम में हो जाएगा बंद

0
58

लोकसभा चुनाव के छठे चरण में दिल्ली की सभी सात सीट सहित छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेश में 58 लोक सभा क्षेत्रों में शनिवार को मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे।संख्या के लिहाज से भले ही देश के कुल543 लोक सभा की तुलना में यह काफी कम लगता है,लेकिन जहां सत्ता शीर्ष तक पहुंचने के लिए एक – एक लोक सभा सीट मायने रखता है, वहां 58 लोक सभा सीटों का भी बड़ा महत्व है।गौरतलब है कि केंद्र कीअटल बिहारी बाजपेई की सरकार एक बार मात्र एक वोट से गिर गई थी।

किस राज्य में कितनी सीटों पर हो रहा है मतदान

शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के 7 सीटों के अलावा अलावा उत्तर प्रदेश की 14,हरियाणा की सभी 10,बिहार और पश्चिम बंगाल की 8 – 8,ओडिशा की 6 झारखंड की 4 और जम्मू कश्मीर की 1 सीट के लिए मतदान हो रहा है।इस चरण में 11.13 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मतों का प्रयोग करेंगे। इन मतदाताओं में 5.84 करोड़ पुरुष 5.29 करोड़ महिलाएं और 5120 तृतीय लिंगी मतदाता शामिल हैं।

कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

छठे चरण के मतदान में जिन प्रमुख उम्मीदवारों की प्रतिष्ठा दांव पर हैं उसमें उड़ीसा के संबलपुर से केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, उत्तर पूर्वी दिल्ली से बीजेपी के मनोज तिवारी और कांग्रेस के कन्हैया कुमार ,उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से बीजेपी की मेनका गांधी,जम्मू और कश्मीर की अनंतनाग राजौरी से पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती, तमलुक पश्चिम बंगाल से बीजेपी के अभिजीत गंगोपाध्याय, हरियाणा के करनाल से पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ,कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल और गुरुग्राम सीट से राव इंद्रजीत सिंह शामिल है।निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से बड़ी संख्या में चुनाव के इस पर्व में हिस्सा लेने और जिम्मेदारी एवं गर्व के साथ मतदान करने का आग्रह किया है ।

पश्चिम बंगाल के जंगल महल क्षेत्र में मतदान

शनिवार को पश्चिम बंगाल के जंगल महल के जिन क्षेत्रों में मतदान हो रहा है , उसमें 5 जिलों के आठ लोकसभा क्षेत्र आते हैं। तामलुक,कांथी, घाटल, झाड़ग्राम, मेदिनीपुर,पुरलिया, बांकुरा और विष्णुपुर। पिछले लोकसभा चुनाव में इन आठ सीट में से 5 सीट पर बीजेपी ने जीत दर्ज की थी, जबकि तीन सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। कांथी और तमलुक लोकसभा क्षेत्र में शुभेंदु अधिकारी एवं उनके परिवार का अच्छा खासा प्रभाव माना जाता है।सुभेंदु अधिकारी के परिवार के सदस्य महत्वपूर्ण राजनीतिक पदों पर रहे हैं। सुवेंदू अधिकारी के भाई सौमेंदु अधिकारी कांथी लोकसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। तमलुक में कोलकाता उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश एवं बीजेपी उम्मीदवार अभिजीत गंगोपाध्याय , तृणमूल कांग्रेस के युवा नेता देवांशु भट्टाचार्य के खिलाफ चुनावी मैदान में हैं।

दिल्ली में बीजेपी और इंडिया गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सभी 7 सीटों पर बीजेपी और इंडिया कठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है। चुनाव से पहले इंडिया गठबंधन के घटक दल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच सीटों को लेकर बनी सहमति के अनुसार आम आदमी पार्टी चार और कांग्रेस पार्टी तीन सीट पर चुनाव लड़ रही है। यह पहला लोकसभा चुनाव है, जब आम आदमी पार्टी और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं और केंद्र में सत्तारूढ़ बीजेपी को चुनौती दे रहे हैं।आम आदमी पार्टी ने पूर्वी दिल्ली से कुलदीप कुमार को, पश्चिम दिल्ली से महाबल मिश्रा को,नई दिल्ली से सोमनाथ भारती को और दक्षिण दिल्ली से सहीराम पहलवान को मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस ने चांदनी चौक से जेपी अग्रवाल ,उत्तर पूर्वी दिल्ली से कन्हैया कुमार और उत्तर पश्चिम दिल्ली सीट से उदित राज को अपना प्रत्याशी बनाया है। बीजेपी ने मनोज तिवारी को उत्तर पूर्वी दिल्ली से प्रत्याशी बनाया है और वह राष्ट्रीय राजधानी में अकेला मौजूदा सांसद हैं, जिन्हें पार्टी ने फिर से चुनावी मैदान में उतारा है। बीजेपी ने दक्षिण दिल्ली से रामवीर सिंह बिधूड़ी को, नई दिल्ली से बांसुरी स्वराज को, पूर्वी दिल्ली से हर्षदीप मल्होत्रा को, उत्तर पश्चिमी दिल्ली से योगेंद्र चंदोलिया को, चांदनी चौक से प्रवीण खंडेलवाल को और पश्चिमी दिल्ली से कमलजीत सहरावत को अपना प्रत्याशी बनाया है ।

उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों पर हो रहा मतदान

लोक सभा चुनाव के 6 ठे चरण के चुनाव में उत्तरप्रदेश के 14 लोक सभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है। शनिवार को हो रहे मतदान में बीजेपी से पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, तृणमूल कांग्रेस के ललितेश पति त्रिपाठी और भोजपुरी फिल्म अभिनेता दिनेश लाल निरहुआ समेत 162 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होगा। छठे चरण में उत्तर प्रदेश के जिन 14 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में मतदान हो रहा है उसमें सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ ,फूलपुर, इलाहाबाद, अंबेडकर नगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती ,संत कबीर नगर, लालगंज ,आजमगढ़ ,जौनपुर ,मछलीशहर और शामिल है। सुल्तानपुर में बीजेपी उम्मीदवार मेनका गांधी का समाजवादी पार्टी के रामभुआल निषाद और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के उदयराज वर्मा से मुकाबला है।आजमगढ़ सीट पर निवर्तमान बीजेपी भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ का मुकाबला एसपी प्रमुख अखिलेश यादव के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव से है। जौनपुर सीट पर बीएसपी के मौजूदा सांसद श्याम सिंह यादव को पार्टी ने फिर चुनाव मैदान में उतारा है, जिनका मुकाबला एसपी उम्मीदवार एवं पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा और बीजेपी के कृपाशंकर सिंह से है।

झारखंड में चार लोकसभा सीट पर हो रहा मतदान

झारखंड के गिरिडीह, धनबाद, रांची और जमशेदपुर निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं की कुल संख्या 82.16 लाख है,जिसमें महिला मतदाताओं की संख्या 40.09 लाख और पुरुष मतदाताओं की संख्या 42. 07 है। झारखंड में सभी चार लोकसभा सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन और बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है।रांची लोकसभा सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय की बेटी एवं कांग्रेस नेता यशस्विनी सहाय का बीजेपी के मौजूदा सांसद संजय सेठ के खिलाफ सीधा मुकाबला है। धनबाद में बीजेपी के बाघमारा से विधायक दुलु महतो और कांग्रेस के बेरमो से विधायक कुमार जयमंगल की पत्नी अनुपमा सिंह के बीच सीधी टक्कर है।जमशेदपुर में बीजेपी के मौजूदा सांसद विद्युत बरन महतो और जेएमएम के बहरागोरा से विधायक समीर मोहंती के बीच भी सीधी लड़ाई होने की संभावना है। गिरिडीह में ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (एजेएसयू) पार्टी के चंद्र प्रकाश चौधरी का मुकाबला जेएमएम के टुंडी से विधायक मथुरा महतो से है।

हरियाणा में बीजेपी और कांग्रेस में टक्कर

हरियाणा की 10 सीट के लिए चुनाव और करनाल विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के वास्ते शनिवार को हो रहे मतदान में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और कांग्रेस की कुमारी सैलजा सहित 223 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होगा।हरियाणा में ज्यादातर सीट पर सत्तारूढ़ बीजेपी और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है।
लोकसभा चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंहऔर कृष्ण पाल गुर्जर, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा तथा दीपेंद्र सिंह हुड्डा प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं। करनाल लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार खट्टर का मुकाबला हरियाणा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा से है, जबकि करनाल विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उपचुनाव लड़ रहे हैं। बीजेपी की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष सैनी ने 12 मार्च को खट्टर की जगह मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी सैनी करनाल विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ रहे हैं।उपचुनाव के लिए नौ उम्मीदवार मैदान में हैं। विधायक पद से खट्टर के इस्तीफे के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था।

जम्मू कश्मीर में 20 उम्मीदवार मैदान में

जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग-राजौरी निर्वाचन क्षेत्र से पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती और नेशनल कॉन्फ्रेंस के मियां अल्ताफ सहित 20 उम्मीदवार मैदान में हैं।अधिकारियों ने बताया कि चुनाव की तैयारी के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग, कुलगाम एवं शोपियां और पीर पंजाल के दक्षिण में राजौरी और पुंछ जिलों के 18 विधानसभा क्षेत्रों में फैले निर्वाचन क्षेत्र में बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

बिहार में 8 सीटों पर वोटिंग

बिहार में छठे चरण में आठ सीट पर मतदान कराया जा रहा है, जहां इन क्षेत्रों के करीब डेढ़ करोड़ मतदाता 86 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।6 ठे चरण में बिहार में जिन आठ सीट पर मतदान जारी है उनमें, वाल्मीकिनगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान और महाराजगंज शामिल हैं

ओडिशा के 6 लोकसभा सीट के लिए हो रहा मतदान

चुनाव के इस 6 ठे चरण में ओडिशा में जिन छह संसदीय क्षेत्रों पर मतदान ही रहा है उसमें भुवनेश्वर, कटक, ढेंकानाल, क्योंझर, पुरी और संबलपुर शामिल है।इसके साथ ही शनिवार को ही इन लोकसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले 42 विधानसभा क्षेत्रों में भी मतदान हो रहा है। राज्य में लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव साथ-साथ कराये जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here