उत्तर भारत में अभी पांच दिनों तक चलेंगे लू के थपेड़े ,मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट !

0
37

न्यूज़ डेस्क
उत्तर भारत में लोगों को गर्मी से अभी राहत मिलने की सम्भावना नहीं है। मौसम विभाग की मानें तो फिलहाल तपती गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। अगले 5 दिनों तक दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा में लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। अगले 4 से 5 दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है।

राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में किस कदर गर्मी पड़ रही है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मंगलवार को अधिकतम तापमान इन राज्यों में 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। गुजरात के कुछ हिस्सों में भी लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है।

राजस्थान में भी भीषण गर्मी पड़ रही है। राज्य में तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंगलवार को झुंझुनू का पिलानी 47.2 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म जगह रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक, अगले 72 घंटों में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। अगले दो दिनों में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में लू चलने और कुछ जगहों पर तीव्र लू चलने की संभावना है।

हरियाणा के सिरसा में झुलसा देने वाली गर्मी पड़ रही है। मंगलवार को यहां पारा 47.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह देश में सबसे गर्म जगह रहा। दिल्ली में पिछले दिनों की तुलना में तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन यह सामान्य से तीन से पांच डिग्री ज्यादा रहा।

आईएमडी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश की निचली पहाड़ियों में अत्यधिक गर्मी का दौर जारी रहेगा, जो मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी से बचने के लिए लोगों के सुरक्षित जगह रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर मंगलवार को आंधी और बारिश के बाद पारा में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई। फिर भी ऊना और नेरी में अधिकतम तापमान क्रमश: 42.4 डिग्री और 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here