न्यूज डेस्क
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे। सुशील मोदी अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में गले के कैंसर के असाध्य रोग से जूझ रहे थे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने एक्स पर अपने शोक संदेश में कहा, “भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री सुशील मोदी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। विद्यार्थी परिषद से लेकर अभी तक हमने साथ में संगठन के लिए लंबे समय तक काम किया। सुशील मोदी जी का पूरा जीवन बिहार के लिये समर्पित रहा। बिहार को जंगलराज से बाहर निकालकर विकास के पथ पर लाने में सुशील मोदी जी का प्रयास बहुत मददगार रहा है। उनका ना होना असंख्य कार्यकताओं के लिए एक अपूरणीय क्षति है।”
सुशील मोदी के निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि स्व. सुशील कुमार मोदी जेपी आंदोलन के सच्चे सिपाही थे। उपमुख्यमंत्री के तौर पर भी उन्होंने हमारे साथ काफी वक्त तक काम किया। मेरा उनके साथ व्यक्तिगत संबंध था और उनके निधन से मैं मर्माहत हूं। मैंने आज सच्चा दोस्त और कर्मठ राजनेता खो दिया है। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।
नीतीश कुमार ने ईश्वर से कामना की है कि स्व. सुशील कुमार मोदी के परिजनों, समर्थकों और प्रशंसकों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करें। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार ने भी शोक जताया है। लालू प्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव सहित राजद परिवार ने सुशील कुमार मोदी के निधन पर गहरी शोक संवेदना प्रकट की है।
बता दें कि, सुशील मोदी बीते छह महीने से कैंसर से जूझ रहे थे, खुद को कैंसर होने की जानकारी उन्होंने अपने एक एक्स पोस्ट में 3 अप्रैल को दी थी। उनके निधन की जानकारी बिहार के मौजूदा डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने दी। सुशील कुमार मोदी का जन्म 5 जनवरी 1952 को बिहार की राजधानी पटना में हुआ था। उनके पिता मोती लाल मोदी और और माता का नाम रत्ना देवी था। उन्होंने पत्नी जेस्सी सुशील मोदी ईसाई धर्म से हैं और प्रोफेसर हैं। उनके दो बेटे हैं जिनमें एक का नाम उत्कर्ष तथागत और दूसरे का नाम अक्षय अमृतांक्षु है।

