न्यूज डेस्क: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में विदेश मंत्रालय के बाहर धमाके में 20 लोगों की मौत हो गयी है। धमाके के वक्त तालिबान और चीनी अधिकारियों के बीच बैठक चल रही थी। ये एक आत्मघाती हमला था। धमाके में 20 लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। काबुल सिक्योरिटी डिपार्टमेंट के प्रवक्ता खालिद जादरान ने विस्फोट में कई लोगों के मारे जाने की पुष्टि की। 12 दिसंबर को चीनी होटल के नाम से मशहूर एक रेस्टोरेंट और गेस्ट हाउस पर भी हमला हुआ था। हालांकि इस हमले के तीनों हमलावरों को मार गिराया गया था।
लगातार धमाकों से दहल रहा अफगानिस्तान
इससे पहले एक जनवरी को काबुल के एक मिलिट्री एयरपोर्ट पर धमाका हुआ था। इसमें आठ लोग घायल हुए थे। 29 दिसंबर को भी अफगानिस्तान के लातुकन प्रोविंस में धमाका हुआ था। जिसमें चार लोग घायल हुए थे। ताजा धमाका तब हुआ जब एक सरकारी दफ्तर के स्टाफ की डेस्क के नीचे रखा बम फट गया था। 26 दिसंबर को बादाखशान प्रोविंस में हुए धमाके में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गयी थी।
बढ़ सकती है मृतकों की संख्या
बुधवार को हुए विस्फोट में 20 लोगों के मारे जाने की खबर है लेकिन अभी मृतकों की सही संख्या की जानकारी नहीं है। धमाके के बाद तालिबान के लड़ाकों ने पूरे इलाके को घेर कर जांच शुरू कर दी है।

