राजस्थान में लें डबल डेकर क्रूज का मज़ा, कम किराए में 5 स्टार सुविधा

0
443

राजस्थान के अजमेर जिले में आने वाले पर्यटकों के लिए एक अच्छी खबर है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यहां क्रूज सेवा की शुरुआत होने वाली है। इस डबल डेकर क्रूज की क्षमता 150 यात्रियों को ले जाने की होगी, जो पर्यटकों के बीच आकर्षण का नया केंद्र होगा।

अजमेर की आना सागर झील में चलेगा क्रूज

अजमेर की आना सागर झील में चलाया जाने वाला यह जहाज राजस्थान में क्रूज सेवा की शुरुआत करेगा। इसका परिचालन मार्च में शुरू होने की उम्मीद है। बता दें, सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह और पुष्कर के ब्रह्मा मंदिर के लिए अजमेर प्रसिद्ध है। यहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं।

मार्च के पहले सप्ताह में शुरू हो सकती है क्रूज सेवा

अजमेर नगर निगम के एक अधिकारी ने कहा कि क्रूज सेवा मार्च के पहले सप्ताह में शुरू होने की संभावना है। पिछले साल निर्माण टेंडर जारी किया गया था। फरवरी तक यह बनकर तैयार हो जाएगा। क्रूज सेवा से नगर निगम को हर साल 66.5 लाख रुपये की आय होने का अनुमान है।

झील में चक्कर लगाने वाली नावों से अलग होगा क्रूज का मार्ग

नगर निगम के सहायक अभियंता रवींद्र सैनी ने कहा कि क्रूज सेवा झील में चक्कर लगाने वाली नावों से अलग मार्ग पर संचालित की जाएगी। उन्होंने बताया कि ठेकेदार की ओर से टिकट की दरें नगर निगम की स्वीकृति के बाद तय की जाएंगी।

क्रूज में होगा रेस्तरां, पार्टियों के लिए बुकिंग करा सकेंगे जहाज

रवींद्र सैनी ने बताया कि क्रूज में एक रेस्तरां भी उपलब्ध होगा। लोग छोटी पार्टियों और समारोहों के लिए इस जहाज की बुकिंग करा सकेंगे। उन्होंने ने बताया कि अभी तक क्रूज की पहली मंजिल का काम पूरा किया जा चुका है। मार्च के महीने में क्रूज का संचालन शुरू होने की संभावना है।

​आनासागर झील के आसपास बनाए गए कई रेस्तरां

अधिकारी के मुताबिक, आनासागर झील के आसपास के मनोरम इलाके में कई रेस्तरां और पैदल मार्ग बनाए गए हैं, जिससे वहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here