आज राउज एवेन्यू कोर्ट में होंगे पेश,सुप्रीम कोर्ट में भी दिल्ली के सीएम की याचिका पर होगी सुनवाई

0
80

दिल्ली सरकार के द्वारा कथित चर्चित शराब घोटाला के मामले में में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सोमवार (15 अप्रैल) को न्यायिक हिरासत की अवधि खत्म हो रही है।ऐसे में ईडी आज उन्हें राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश करेगी। वहीं दूसरी तरफ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई होगी। गौरतलब है कि ईडी की गिरफ्तारी के खिलाफ अरविंद केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है,जिसपर आज सुनवाई होनी है।।मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली शराब नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं। आज उनकी कस्टडी खत्म हो रही है, ऐसे में ईडी उन्हें राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश करेगी। केजरीवाल कोर्ट में जमानत की मांग कर सकते हैं।

सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है।केजरीवाल ने ईडी की गिरफ्तारी को वैध ठहराने वाले दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देते हुए एक याचिका दायर की थी, जिस पर आज सुनवाई होनी है।मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस दीपांकर दत्ता की बेंच केजरीवाल की याचिका पर सुनवाई करेगी। इससे पहले 1 अप्रैल को केजरीवाल से जुड़े दो मामलों पर दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट और हाईकोर्ट में सुनवाई हुई थी। सुनवाई के बाद केजरीवाल को 15 दिन के लिए तिहाड़ जेल भेज दिया गया था।

दिल्ली हाईकोर्ट से लगा था झटका

गौरतलब है कि 9 अप्रैल को अरविंद केजरीवाल को झटका देते हुए दिल्ली हाईकोर्ट ने उनकी याचिका को खारिज कर दिया था। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा था कि आम और खास लोगों के खिलाफ जांच अलग-अलग नहीं हो सकती है।कोर्ट ने मामले पर सख्त टिप्पणी करते हुए कहा था कि वह दिल्ली के मुख्यमंत्री की इस दलील को स्वीकार नहीं कर सकता है कि उन्हें आगामी लोकसभा चुनावों के कारण गिरफ्तार किया गया है। कोर्ट ने यह भी कहा कि इस मुद्दे को समय के संदर्भ में नहीं, बल्कि केवल कानून के संदर्भ में देखा जाना चाहिए।

क्या है पूरा मामला

गौरतलब है कि साल 2021-22 में दिल्ली सरकार ने नई आबकारी नीति तैयार की थी। लेकिन आरोप है कि इसमें भ्रष्टाचार एवं धनशोधन किया गया है।हालांकि आबकारी नीति को बाद में रद्द कर दिया गया था।वहीं इस मामले में मुख्यमंत्री केजरीवाल से पूछताछ के लिए ईडी ने कई बार समन जारी किया, लेकिन केजरीवाल हर बार समन को गैर कानूनी बताकर ईडी की पूछताछ में शामिल नहीं हुए।इसके बाद ईडी ने कोर्ट में मामला दायर किया। मामला में ईडी ने 21 मार्च को केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here