भारत की राजनीति में इस समय बातों की नुक्ताचीनी करने वाली राजनीति ज्यादा प्रभावी हो गई है।आम आदमी पार्टी से लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी से लेकर आरजेडी और अन्य क्षेत्रीय पार्टियां इन दिनों तथ्यपरक बात की जगह बात का बतंगड़ बनाकर अपनी राजनीतिक रोटी सेंकते है।संविधान प्रदत्त अभिव्यक्ति की आजादी का नाम देकर ये जनता को बेवकूफ बनाकर अपना वोट बैंक मजबूत करने की मंशा रखते हैं। इसी क्रम में जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राजस्थान के चुरू की सभा में जम्मू कश्मीर से बीजेपी द्वारा आर्टिकल 370 हटाने की जगह आर्टिकल 371 बोलकर बीजेपी की नुक्ताचीनी कर कांग्रेस का वोट बैंक बढ़ाने का प्रयास किया तो अब बीजेपी कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के आर्टिकल 370 की जगह आर्टिकल 371 बोले जाने की इसी गलती को लेकर कांग्रेस पर पूरी तरह से हमलावर हो गई है।
कांग्रेस पार्टी की ऐसी ही गलतियों की वजह से पूरा देश अब तक है परेशान
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि कांग्रेस का इटालियन कल्चर भारत के मूल विचार को नहीं समझ पाने के लिए जिम्मेदार है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आर्टिकल 370 को 371 बताने पर भी तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की इस तरह की गलतियों की वजह से पूरा देश अब तक परेशान है।
खड़गे ने की थी पीएम मोदी की आलोचना
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में राजस्थान में लोगों को संबोधित करते जम्मू-कश्मीर को आर्टिकल 370 के जरिए मिले विशेष दर्जे को हटाने का जिक्र किया था। इसे लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी की आलोचना की। राज्य के चुरु में जनसभा को संबोधित करते हुए खड़गे ने कहा कि वह (पीएम मोदी) यहां आए और कहा कि हमने (आर्टिकल) 371 हटा दिया।ठीक है, लेकिन उसकी यहां क्या प्रासंगिकता है? इस बारे में जाकर जम्मू-कश्मीर में बताइए!
जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के भाषण की वीडियो शेयर करते हुए अमित शाह ने ट्वीट किया कि यह सब सुनकर शर्म आती है कि कांग्रेस पार्टी पूछ रही है कि कश्मीर से राजस्थानियों का क्या वास्ता है? मैं कांग्रेस पार्टी को याद दिलाना चाहता हूं कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। जम्मू-कश्मीर पर हर राज्य और नागरिक का अधिकार है, ठीक वैसे ही जैसे जम्मू-कश्मीर के लोगों का भी भारत के बाकी के हिस्सों पर अधिकार है।
भारत को नहीं समझने के लिए इटालियन संस्कृति जिम्मेदार
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस को यह नहीं पता कि कश्मीर में शांति और सुरक्षा के लिए राजस्थान के कई वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दी है।लेकिन यह सिर्फ कांग्रेस नेताओं की गलती नहीं है।भारत के विचार को न समझ पाने के लिए अधिकतर कांग्रेस पार्टी की इटालियन संस्कृति ही दोषी है। उन्होंने आगे कहा कि ऐसे बयानों से हर उस देशभक्त नागरिक को ठेस पहुंचती है, जो देश की एकता और अखंडता की परवाह करता है। जनता कांग्रेस को जरूर जवाब देगी।
आर्टिकल 370 को 371 कहने पर खड़गे पर कसा तंज
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मल्लिकार्जुन खड़गे पर आर्टिकल 370 को 371 कहने के लिए तंज भी कसा।उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जानकारी के लिए बता दूं कि मोदी सरकार ने जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 371 नहीं, बल्कि आर्टिकल 370 को हटाया है।हालांकि, कांग्रेस से तो इस तरह की बड़ी गलतियां करने की अपेक्षा की ही जाती है।कांग्रेस पार्टी के जरिए की गई ऐसी गलतियों ने दशकों से हमारे देश को परेशान किया है।

