कांग्रेस ने किया 17 नए उम्मीदवारों का ऐलान ,कटिहार से लड़ेंगे तारिक अनवर तो कडप्पा से लड़ेंगी वाईएस शर्मिला 

0
109
Hubballi [Karnataka], May 06 (ANI): United Progressive Alliance (UPA) Chairperson Sonia Gandhi with Congress President Mallikarjun Kharge during a public meeting for the Karnataka Assembly elections, in Hubballi on Saturday. (ANI Photo)

न्यूज़ डेस्क 
कांग्रेस ने आज अपने उम्मीदवारों की एक और नयी सूची  जारी की है। इस लिस्ट में 17 उम्मीदवारों के नाम हैं। इस लिस्ट में बिहार ,आंध्र प्रदेश और ओडिशा के उम्मीदवारों के नाम घोषित किये गए हैं। इसके मुताबिक, वाईएस शर्मिला रेड्डी आंध्र प्रदेश के कडप्पा से, एमएम पल्लम राजू काकीनाडा से चुनाव लड़ेंगे। सूची में मोहम्मद जावेद को किशनगंज और तारिक अनवर को कटिहार से चुनावी मैदान में उतारा गया है। इससे पहले पार्टी ने बीते दिन महाराष्ट्र की अकोला और तेलंगाना की वारंगल लोकसभा सीट पर प्रत्याशियों का एलान किया था।

पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की 11वीं सूची में आंध्र प्रदेश से पांच, बिहार से तीन, ओडिशा से आठ और पश्चिम बंगाल से एक उम्मीदवार का नाम शामिल है। बता दें कि बिहार की कटिहार सीट से तारिक अनवर को पिछले लोकसभा चुनाव में हार मिली थी। उन्हें जदयू के उम्मीदवार दुलालचंद गोस्वामी ने हराया था। इस सीट पर एक बार फिर से उनका मुकाबला गोस्वामी से होगा। कांग्रेस ने इसके अलावा भागलपुर लोकसभा क्षेत्र से पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक अजीत शर्मा को उम्मीदवार बनाया गया है।

कांग्रेस बिहार की कुल 40 लोकसभा सीटों में से नौ पर चुनाव लड़ रही है। वहीं, 26 सीट पर उसकी सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और पांच सीट पर वाम दल चुनाव लड़ रहे हैं। बिहार में गठबंधन के फॉर्मूले के तहत कांग्रेस के हिस्से में नौ सीटें आई हैं। इनमें किशनगंज, कटिहार, पटना साहिब, भागलपुर, सासाराम, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, पश्चिम चंपारण और महाराजगंज की सीट शामिल हैं।

उधर कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश में पूर्व मानव संसाधन विकास मंत्री पल्लम राजू को काकीनाड़ा से उम्मीदवार बनाया गया है। शर्मिला रेड्डी को आंध्र प्रदेश के कडप्पा से उम्मीदवार बनाया गया है। ओडिशा के कोरापुट से वर्तमान सांसद सप्तगिरि उलाका को फिर से उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 114 और ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए भी 49 उम्मीदवार घोषित किए हैं।

अब तक कांग्रेस की तरफ से 240 उम्मीदवारों की घोषणा की जा चुकी है। इससे पहले  1 अप्रैल को कांग्रेस ने उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की थी। सूची के मुताबिक, अभय काशीनाथ पाटिल महाराष्ट्र के अकोला से और कादियाम काव्या वारंगल, तेलंगाना से चुनाव लड़ेंगे।

26 मार्च को कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सातवीं सूची जारी की थी। इसमें छत्तीसगढ़ की चार और तमिलनाडु की एक लोकसभा सीट के लिए उममीदवारों का एलान कर दिया गया था।

25 मार्च को कांग्रेस ने उम्मीदवारों की छठी सूची जारी की थी। इसमें राजस्थान के लिए चार और तमिलनाडु के लिए एक उम्मीदवार का एलान किया गया था।एक दिन पहले उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जारी की गई थी। सूची में राजस्थान की दो लोकसभा सीट और महाराष्ट्र की एक लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों का एलान किया गया था।

23 मार्च को कांग्रेस की चौथी सूची जारी हुई थी। इसमें 45 उम्मीदवारों के नाम का एलान किया गया था। कांग्रेस ने राजस्थान की नागौर सीट राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के लिए छोड़ी थी। इससे पहले 21 मार्च को कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की थी, जिसमें 57 नामों को शामिल किया गया था।

कांग्रेस की पहली सूची में 39 और दूसरी सूची में 43 उम्मीदवारों की घोषणा की गई थी। 29 मार्च को कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की नौवीं सूची जारी की थी। सूची के मुताबिक, सीपी जोशी राजस्थान के भीलवाड़ा से, दामोदर गुर्जर राजस्थान के राजसमंद से चुनाव लड़ेंगे।

27 मार्च को कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की आठवीं सूची जारी की थी। इसमें चार राज्यों की 14 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का एलान किया गया था। इसमें उत्तर प्रदेश और तेलंगाना की चार लोकसभा सीट, मध्य प्रदेश और झारखंड की तीन-तीन लोकसभा सीटें शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here