पटना (बीरेंद्र कुमार): कांग्रेस पार्टी की बहुचर्चित भारत जोड़ो यात्रा का बिहार में आज पहला दिन है। आज कांग्रेस की यह यात्रा मंदार स्थली बौसी से शुरू हुई। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग इस यात्रा के साथ जुड़े। मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज बांका के मंदार पर्वत से इस पदयात्रा को रवाना किया।
भगवान मधुसूदन का आशीर्वाद के साथ शुरू हुई कांग्रेस की यह भारत जोड़ो पद यात्रा
बिहार में कांग्रेस के इस भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत मलिकार्जुन खड़गे द्वारा भगवान मधुसूदन की पूजा के बाद अद्वैत मिशन स्कूल के कैंपस में एक कार्यक्रम के संबोधन से शुरू हुई। बिहार में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज सिर्फ 7.3 किलोमीटर की होगी। बिहार में आज की भारत जोड़ो यात्रा मंदार से शुरू होकर बाराहाट- ढाकामोड़ तक जाएगी। इसके बाद कल यह यात्रा ढाकामोड़ से चलकर बांका होते हुए सर्वोदय नगर बांका तक 19 किलोमीटर का सफर तय करेगी।इसके बाद अगले दिन यह यात्रा सर्वोदय नगर से चलकर अमरपुर होते हुए संत पथिक स्कूल भागलपुर तक जाएगी, फिर भागलपुर से चलकर भाया रतनगंज सलेमपुर होते हुए हबीबपुर तक यह यात्रा जाएगी। इसके बाद अभयपुर चौक से चलकर गादी पुर भागलपुर तक 22.8 किलोमीटर की यात्रा तय करेगी । वहीं 10 दिसंबर को यह यात्रा गादीपुर से चलकर खगरिया तक यात्रा जाएगी।
समापन पर मौजूद रहेंगे राहुल गांधी
बिहार के बांका से शुरू हुई कांग्रेस की यह भारत जोड़ो यात्रा भागलपुर,बेगूसराय समस्तीपुर,मधुबनी, पूर्वी चंपारण, पटना और रोहतास होते हुए गया तक जाएगी। राहुल गांधी इस समय भारत जोड़ो यात्रा कार्यक्रम को लेकर उत्तर प्रदेश में हैं जिस कारण बिहार में आज शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का शुभारंभ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे के द्वारा किया गया। हालांकि यह माना जा रहा है कि बिहार में कांग्रेस की यात्रा के पटना पहुंचने पर एक विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा जिसमें कांग्रेस नेत्री सोनिया गांधी प्रियंका गांधी वाड्रा शामिल हो सकते हैं। हालांकि इसे लेकर किसी प्रकार की कोई कांग्रेस पार्टी की तरफ से कोई अधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इस बात का भी अनुमान लगाया जा रहा है कि बिहार में चल रहे भारत जोड़ो यात्रा के गया में होने वाले समापन समारोह में राहुल गांधी शिरकत कर सकते हैं।
आरजेडी और जेडीयू ने यात्रा में हिस्सा लेने से किया इनकार
बिहार में कांग्रेस की इस भारत जोड़ो यात्रा को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पहले ही यह स्पष्ट कर दिया है कि उनकी पार्टी जेडीयू कांग्रेस की इस पदयात्रा में भाग नहीं लेगी। साथ ही लालू प्रसाद की राष्ट्र राष्ट्रीय जनता दल ने भी यह कह दिया है कि उनकी पार्टी का भी कोई नेता कांग्रेस की इस पदयात्रा में शामिल नहीं होंगी। गौरतलब है कि बिहार कि सरकार में इन दोनों पार्टियां के सहयोगी के रूप में कांग्रेस भी कार्य कर रही है। लेकिन इसके बावजूद इन दोनों पार्टियों का कहना है कि कांग्रेस की यह अपनी रैली है,इसलिए वह इस रैली में शामिल नहीं होंगे।
मुकेश कुमार ने निकाली समाधान यात्रा
कांग्रेस के इस भारत जोड़ो यात्रा के समय में ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी इसके समानांतर अलग से एक समाधान यात्रा की शुरुआत कर दी है। आज पश्चिम चंपारण से शुरू हुई नीतीश कुमार की यह यात्रा 16 दिनों में 18 जिलों में आयोजित की जाएगी। हालांकि कांग्रेस और जेडीयू के बीच कार्यकर्ता स्तर पर किसी प्रकार का हंगामा या कन्फ्यूजन ना हो इसे देखते हुए नीतीश कुमार ने इस बात की सावधानी बरतने का जरूर प्रयास किया है कि इस दौरान वे कोई बड़ी रैली या सभा अपने तयशुदा कार्यक्रम के अलावा नहीं करेंगे।

