पर्यटन में क्रांति लाएगा “गंगा विलास क्रूज़”

0
203

देश की टूरिज्म इंडस्ट्री को जल्द ही बड़ा बूस्ट मिलने जा रहा है. दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आने वाली 13 जनवरी को ‘गंगा विलास क्रूज़’ को हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे. इस कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं. इस बात की जानकारी उत्तर प्रदेश के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने ट्वीट करके दी है. ट्वीट में कहा गया है, ”उत्तर प्रदेश के वाराणसी से बांग्लादेश होते हुए असम के डिब्रूगढ़ तक दुनिया के सबसे लम्बे क्रूज पर्यटन को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 जनवरी को हरी झंडी दिखाएंगे”. इस क्रूज के साथ देश में पर्यटन उद्योग को काफी फायदा मिल सकता है.

इससे दुनिया भर से पर्यटकों भारत आएंगे वहीं जिन जगहों पर ये क्रूज रुकेगा वहां भी नए अवसर पैदा होंगे. अगर ये क्रूज सफल होता है तो आने वाले समय में ऐसे और भी क्रूज शुरू किये जा सकते हैं. क्रूज को पीपीपी मॉडल पर चलाया जा रहा है.

फिलहाल प्रशासन प्रधानमंत्री कार्यालय से मोदी के औपचारिक कार्यक्रम का इंतजार कर रहा है, लेकिन जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. वाराणसी के मण्डलायुक्त कौशल राज शर्मा और जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने इस सिलसिले में संस्कृति विभाग, पर्यटन विभाग और अंतर्देशीय जलमार्ग परिवहन के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं. मण्डलायुक्त शर्मा ने बृहस्पतिवार को बताया कि आगामी 13 जनवरी को वाराणसी से डिब्रूगढ़ तक चलने वाले विश्व के सबसे लंबे क्रूज को रवाना किया जाएगा. उन्होंने बताया कि इस क्रूज को रविदास घाट के सामने जेटी बोर्डिंग पॉइंट से हरी झंडी दिखायी जाएगी.

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक गंगा विलास क्रूज कुल 3200 किलोमीटर की दूरी तय करेगा. क्रूज द्वारा की जाने वाली यह दुनिया की सबसे लंबी यात्रा होगी. सूत्रों के अनुसार यह सफर कुल 50 दिनों का होगा और इस दौरान यह जलयान भारत और बांग्लादेश की 27 नदी प्रणालियों से होकर गुजरेगा. सूत्रों के अनुसार रास्ते में यह क्रूज 50 से अधिक जगहों पर रुकेगा, जिनमें विश्व विरासत स्थल भी शामिल हैं. उन्होंने बताया कि यह जलयान राष्ट्रीय उद्यानों एवं अभयारण्यों से भी होकर गुजरेगा, इनमें सुंदरबन डेल्टा और काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान भी शामिल हैं. घूमने की जगहों की लंबी लिस्ट होने की वजह से उम्मीद है कि काफी संख्या में पर्यटक इसका फायदा उठाएंगे.

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here