BSSC पेपर लीक मामले को लेकर पटना में छात्रों ने निकाला मार्च,पुलिस ने किया लाठीचार्ज

0
185

पटना (बीरेंद्र कुमार): बिहार राज्य कर्मचारी चयन आयोग यानि बीएसएससी पेपर लीक मामले को लेकर बिहार की राजधानी पटना में आज हजारों छात्रों ने मार्च निकाला। बीएसएससी के अभ्यर्थी तीनों पालियों की परीक्षा को रद्द करने की मांग का रहे थे। छात्रों का कहना था कि अगर पेपर लीक मामले का पुरजोर तरीके से विरोध नहीं किया गया तो परीक्षा में धांधली करने वालों का मनोबल सातवें आसमान पर चला जाएगा।

पुलिस ने किया लाठीचार्ज

छात्र नेता दिलीप के नेतृत्व में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए बीएसएससी के अभ्यर्थियों का जत्था जैसे ही पटना के डाकबंगला चौराहे के पास पहुंचा, पुलिस ने इनपर लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस की लाठीचार्ज में कई छात्र घायल हो गए।गौरतलब है कि छात्रों का यह मार्च पूर्व निर्धारित था,लेकिन छात्र तय मार्ग से न जाकर डाकबंगला चौराहे की तरफ से बढ़ रहे थे। इसी दौरान जब पुलिस ने छात्रों को रोकने की कोशिश की तो छात्र जोर-जोर से नारेबाजी करने लगे। इसके बाद पुलिस ने छात्रों पर ताबड़तोड़ लाठियां बरसानी शुरू कर दी।

तीनों पालियों की परीक्षा को रद्द कराने की मांग को लेकर पटना कॉलेज गेट के पास से निकाला मार्च

छात्र नेता दिलीप कुमार का कहना है कि हमारी मांग है कि सरकार बीएसएससी की तीनों पारियों की परीक्षा को रद्द कर दे और दोबारा से पारदर्शी तरीके से परीक्षा का आयोजन करे। अन्याय के खिलाफ हर हाल में विरोध होगा क्योंकि ऐसा नहीं करने से परीक्षा में धांधली करने वालों का मनोबल बढ़ता चला जाएगा और मेहनत से पढ़ने वाले छात्रों का हौसला गिरता चला जायेगा। और फिर यहां यह परंपरा बन जायेगी जिससे गलत लोगों को फायदा होता रहेगा और मेहनतकश छात्रों के मेहनत पर पानी फिरता रहेगा। अपनी इन मांग को लेकर सरकार से अपना विरोध प्रकट करने के लिए अभ्यर्थियों ने पटना कॉलेज गेट के पास से या विरोध मार्च निकाला था। इसके बाद छात्रों के जत्था को मलाही पकड़ी, भिखना पहाड़ी होते हुए बीएसएससी कार्यालय तक के लिए पैदल मार्च करते हुए जाना था, इसी दौरान छात्रों का जत्था मूल मार्ग से भटक कर डाक बंगला चौराहे के पास पहुंच गया जिसके बाद पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज कर दिया जिसमें कई छात्र घायल हो गए।

5 से अधिक लोगों को किया जा चुका है गिरफ्तार

गौरतलब है की बीते शुक्रवार को बीएसएससी की पहली पाली की परीक्षा के पेपर रद्द हुए थे। इसमें मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अबतक मास्टरमाइंड समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में बताया गया कि पेपर मोतिहारी से लीक हुए थे। सोशल मीडिया पर दूसरी और तीसरी पाली की परीक्षा के पेपर लीक होने की खबरें भी आ रही है। पेपर वायरल होने का दावा किया जा रहा है। इस पर आयोग की ओर से नोटिस जारी हुआ है, जिसमें छात्रों से सबूत मांगे जा रहे हैं और सबूत भेजने के बाद ही जांच की बात कही जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here