बीएसपी सांसद रितेश पांडे ने दिया इस्तीफा,बीजेपी में शामिल होने की जताई जा रही संभावना

0
102

उत्तर प्रदेश के अंबेदकर नगर सीट से लोकसभा सांसद रितेश पांडे ने रविवार को बहुजन समाज पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। बहुजन समाज पार्टी से इस्तीफा देने के बाद उनकी आज ही बीजेपी मुख्यालय में बीजेपी की सदस्यता लेने की संभावना है। बीएसपी सांसद रितेश पांडे का लोकसभा चुनाव से पहले बीएसपी से इस्तीफा देना मायावती के नेतृत्व वाली बीएसपी के लिए एक बड़ा झटका है।

अपने इस्तीफा में रितेश पांडे ने क्या कहा

अपने इस्तीफा में अंबेडकर नगर के सांसद रितेश पांडे ने लिखा कि लंबे समय से ना तो मुझे पार्टी की बैठक में बुलाया जा रहा है और न ही नेतृत्व के स्तर पर संवाद किया जा रहा है। मैंने आपसे और सिर्फ पदाधिकारी के साथ मुलाकात के लिए प्रयास किया था, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं निकला। ऐसे में मैं इस निष्कर्ष पर पहुंचा हूं कि पार्टी को मेरी सेवा और मौजूदगी की अब कोई जरूरत नहीं है। इसलिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के अलावा मेरे पास कोई विकल्प नहीं है।

पीएम मोदी संग किया था लंच

9 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलग-अलग दलों के आठ सांसदों के साथ लंच किया था। इन आठ सांसदों में से एक सांसद रितेश पांडे भी थे। बाकी के 7 सांसदों में बीजेपी की हिना गावित,एस फांगनोन कोण्याक,जामयांग सेरिंग नामग्याल,एल मुरुगन, टीडीपी सांसद राम मोहन नायडू और बीजेडी सांसद ससमित पात्रा शामिल थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर के समय संसद की कैंटीन में पहुंचे और उन्होंने सभी सांसदों को हैरान करते हुए उनके साथ लंच किया।

लंच के बाद की थी पीएम मोदी की तारीफ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ लंच करने के बाद सांसद रितेश पांडे ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ भी की थी। प्रधानमंत्री से मुलाकात की तस्वीर शेयर करते उन्होंने लिखा कि आज लंच के लिए प्रधानमंत्री के जरिए आमंत्रित किया जाना और यह सीखना वास्तव में एक सम्मान की बात थी कि उन्होंने 2001 के भुज भूकंप से हासिल एक्सपीरियंस का इस्तेमाल कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए किस तरह से किया था। बहुत ही ज्यादा ज्ञानवर्धक चर्चा हुई।हमारे साथ बैठने के लिए आपका धन्यवाद। इसके बाद से ही उनके बी जेपी में जाने की चर्चा शुरू हो गई थी।

बीजेपी में शामिल हुए बीएसपी सांसद रितेश पांडे

अंबेडकर नगर से बहुजन समाज पार्टी के लोकसभा सांसद रितेश पांडे ने बीजेपी का दामन थाम लिया है। बीजेपी दफ्तर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बीजेपी के उप प्रभारी विजयंत पांडा, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने उनका स्वागत किया। रितेश पांडे ने आज ही बीएसपी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here