कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी बुधवार को बसंत पंचमी के मौके पर राजस्थान से राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन करेंगी। सोनिया गांधी के साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव केसी वेणुगोपाल भी जयपुर जाएंगे।ये सभी नेता दिल्ली से दो चार्टर प्लेन से जयपुर पहुंचेंगे और हवाई अड्डे से विधानसभा जाएंगे,जहां सोनिया गांधी और राहुल गांधी का विपक्ष लॉबी में कांग्रेस के विधायकों से मुलाकात करने का कार्यक्रम है।सोनिया गांधी के जयपुर आगमन को देखते हुए कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों को जयपुर बुला लिया है।गौरतलब है कि राजस्थान से राज्यसभा में 10 सीट है।इसमें से डॉक्टर मनमोहन सिंह (कांग्रेस)और भूपेंद्र यादव (बीजेपी) का कार्यकाल 3 अप्रैल 2024 को पूरा हो रहा है। वहीं किरोड़ी लाल मीणा (बीजेपी) ने विधानसभा चुनाव जीतने के बाद राज्यसभा सांसद के पद से इस्तीफा दे दिया था। ऐसे में राजस्थान की तीन राज्य सभा सीटों पर आगामी दिनों में चुनाव होना है। विधायकों की संख्या बल के हिसाब से तीन में से दो सीट पर बीजेपी और एक सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी की जीत मानी जा रही है।
कांग्रेस विधायकों को आज बुलाया गया जयपुर
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मंगलवार को ही कांग्रेस के सभी विधायकों को बुधवार को जयपुर आने के लिए कहा था। राजस्थान में कुल तीन राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं। विधानसभा में संख्या बल के हिसाब से दो सीट पर बीजेपी और एक सीट पर कांग्रेस का जितना तय माना जा रहा है। यहां एक सीट पर चुनाव जीतने के लिए 51 वोट चाहिए।कांग्रेस के पास यहां 70 वोट है।ऐसे में सोनिया गांधी के लिए यहां से राज्य सभा के लिए चुनाव लड़ना ज्यादा सुरक्षित माना जा रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का कार्यकाल आगामी 3 अप्रैल को समाप्त हो रहा है।सोनिया गांधी आज उनके स्थान पर राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल कर सकती है।
सुबह 11:30 बजे दाखिल कर सकती हैं अपना नामांकन
कांग्रेस से जुड़े सूत्रों के अनुसार सोनिया गांधी सुबह 11:30 पर अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकती हैं। विधानसभा में ही सोनिया गांधी के नामांकन पर विधायक दस्तखत करेंगे।पार्टी सूत्रों का मानना है कि नामांकन पत्र का अधिकांश हिस्सा दिल्ली से भरकर आएगा। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत,पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट,प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सोनिया गांधी के प्रस्तावक बनेंगे।
कांग्रेस प्रत्यक्ष प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा के आवास पर गहमागहमी
सोनिया गांधी के राजस्थान से राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के सिविल लाइन स्थित आवास पर मंगलवार रात को काफी हलचल रही। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी गोविंद सिंह डोटासरा के आवास पर पहुंचे थे, जहां कई विधायक पहले से ही मौजूद थे। वहां इन सबकी काफी देर तक बैठक चली।इसके पहले गोविंद सिंह डोटासरा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के घर जाकर भी विचार विमर्श किया।