पटना (बीरेंद्र कुमार):बिहार के पटना के मनेर स्थित महावीर टोला गंगा घाट पर एक नाव के पलटने से 14 लोग नदी में डूबने लगे। इनमें से 7 लोगों ने किसी तरह से तैरकर अपनी जान बचाई, लेकिन सात अन्य लोग गंगा नदी के तेज धार में बहकर लापता हो गए हैं। बताया जा रहा है कि मनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत मेघनाथ राय का नाव बालू लोड कर सारण की ओर जा रहा था। इस दौरान नाव पर 14 मजदूर भी सवार थे। जब यह नाव बीच गंगा में पहुंची तो नदी में तेज धारा होने के कारण नाव पलट कर डूब गई। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि नाव पर 14 लोग सवार होकर गंगा नदी के उस पार दियारा में जानवरों का चारा लाने गए थे,लेकिन वापस लौटने के क्रम में नाव महावीर घाटसे थोड़ी दूरी पर अनियंत्रित होकर पलट गई।
7 लोगों ने बचाई जान और 7 लोग गंगा में बह गए
बीच गंगा नदी में नाव के पलटने से इसमें सवार सभी लोग सभी 14 लोग गंगा नदी में डूबकर बहने लगे। हालांकि किसी तरह से इसमें से सात मजदूरों ने तैरकर कर अपनी जान बचा ली लेकिन 7 मजदूर गंगा नदी में बहकर लापता हो गए। इस नाव दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस स्थानीय गोताखोर के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई है और गोताखोर के माध्यम से लापता लोगों की तलाश में जुट गई है। इस घटना सूचना मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है घटना की सूचना पाकर अनुमंडल पदाधिकारी भी एनडीआरएफ की टीम को लेकर घटना स्थल पर गई और एनडीआरएफ की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई। लेकिन घंटों मशक्कत के बाद भी लापता 7 लोगों को निकाल पाने में प्रशासन को कोई सफलता हाथ नहीं लगी।

