नही रहीं PM मोदी की मां हीराबेन, 100 साल की उम्र में निधन

0
144
नई दिल्ली: नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन का 100 साल की उम्र में निधन हो गया है। अहमदाबाद के एक अस्पताल में उन्होंने आज सुबह 3 बजकर 30 मिनट पर अंतिम सांस ली। प्रधानमंत्री ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद के लिए रवाना हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सारे कार्यक्रम रद्द कर दिये हैं। पीएम मोदी सुबह 7:45 बजे अहमदाबाद पहुंचे। यहां से वे सीधे गांधीनगर के रायसण गांव में भाई पंकज मोदी के घर गए। उनके पहुंचते ही अंतिम यात्रा शुरू हुई। मोदी कंधे पर पार्थिव देह लेकर शव वाहन तक गए। PM भी शव वाहन में ही बैठे रहे।

पीएम मोदी ने खुद ट्वीट कर दी जानकारी

पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम… मां में मैंने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमें एक तपस्वी की यात्रा, निष्काम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है। मैं जब उनसे 100वें जन्मदिन पर मिला तो उन्होंने एक बात कही थी, जो हमेशा याद रहती है कि काम करो बुद्धि से और जीवन जियो शुद्धि से।

यूएन मेहता अस्पताल में भर्ती थीं हीराबेन

गौरतलब है ​कि दो दिन पहले ही तबीयत बिगड़ने के बाद हीराबेन को अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पीएम मोदी उन्हें देखने के लिए अहमदाबाद भी गए थे। हीराबेन ने इसी साल जून महीने में अपना 100 वां जन्मदिन मनाया था।

सांस लेने में हो रही थी परेशानी

हीराबेन को सांस लेने में परेशानी और ब्लड प्रेशर की समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। बता दें कि पीएम मोदी की मां हीराबेन गांधीनगर शहर के पास रायसन गांव में प्रधानमंत्री मोदी के छोटे भाई पंकज मोदी के साथ रहती थीं।

राजनेताओं ने दी श्रद्धांजलि

गृहमंत्री अमित शाह ने व्यक्त की शोक संवेदना

गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया- मां एक व्यक्ति के जीवन की पहली मित्र और गुरु होती है। जिसे खोने का दुख नि:संदेह संसार का सबसे बड़ा दुख है।

हीराबा जी का संघर्षपूर्ण व सात्विक जीवन सदैव प्रेरणादायक: जेपी नड्डा

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लिखा कि हीराबा जी का संघर्षपूर्ण व सात्विक जीवन सदैव प्रेरणादायक है, जिनके वात्सल्य व सत्यनिष्ठा से देश को यशस्वी नेतृत्व मिला। मां का जाना अपूरणीय क्षति है, इस रिक्तता की पूर्ति असंभव है।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जताया खेद

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, ” प्रधानमंत्री श्री @narendramodi की माताश्री, हीरा बा के निधन से मुझे गहरी वेदना हुई है। एक माँ का निधन किसी भी व्यक्ति के जीवन में ऐसी शून्यता लाता है, जिसकी भरपाई असंभव है। दुख की इस घड़ी में प्रधानमंत्रीजी और उनके पूरे परिवार के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूँ. ॐ शांति!

प्रियंका गांधी ने जताया शोक

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की माता जी के निधन का दुखद समाचार मिला। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान दें एवं श्री नरेंद्र मोदी जी और उनके परिवार के समस्त सदस्यों को पीड़ा के इन क्षणों में साहस दें।

हमारी मेरी हार्दिक संवेदनाः कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी पीएम नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि श्रीमती हीराबेन के निधन के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। अपनी प्यारी मां के खोने पर नरेंद्र मोदी के प्रति हमारी मेरी हार्दिक संवेदना। दुख की इस घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पूरे परिवार के साथ हैं।

गुजरात सीएम भूपेंद्र पटेल ने जताया दुख

भूपेंद्र पटेल ने कहा कि नरेंद्र भाई मोदी की माता पूज्य हीराबा के निधन से गहरा दुख हुआ। हीराबा उदारता, सादगी, कड़ी मेहनत और जीवन के उच्च मूल्यों के प्रतीक थीं। मैं प्रार्थना करता हूं कि भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी ने ट्वीट कर व्यक्त की शोक संवेदना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया- एक पुत्र के लिए मां पूरी दुनिया होती है। मां का निधन पुत्र के लिए असहनीय और अपूरणीय क्षति होती है। PM मोदी जी की पूज्य माता का निधन अत्यंत दुखद है। प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें।

पूज्य मां सदैव प्रेरणा बनी रहेंगी: शिवराज सिंह

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया कि भक्ति, तपस्या और कर्म की त्रिवेणी। नरेंद्र मोदीजी जैसे महान व्यक्तित्व को गढ़ने वाली मां के चरणों में सादर प्रणाम। पूज्य मां सदैव प्रेरणा बनी रहेंगी।

हीराबेन मां की आत्मा को शांति मिले:पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू

पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने ट्वीट किया कि PM के प्रति मेरी गहरी संवेदना हैं। उन्होंने कहा कि हीराबेन के साथ मोदी जी का रिश्ता अनमोल और अवर्णनीय है। हीराबेन मां की आत्मा को शांति मिले।

हीराबेन का निधन हो जाने की खबर अति दुखद: मायावती

बीएसपी प्रमुख मायावती ने पीएम मोदी की मां हीराबेन के निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की माता श्रीमती हीराबेन के निधन हो जाने की खबर अति-दुःखद। उनके पूरे परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन्हें एवं उनके सभी चाहने वालों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।’

हीराबेन के निधन पर गुलाम नबी आजाद ने किया शोक व्यक्त

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ‘पीएम मोदी की मां श्रीमती हीराबेन के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। मुझे पता है कि ऐसे समय में शब्द थोड़े सांत्वना देने वाले होते हैं। बहरहाल, माननीय प्रधानमंत्री जी के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं दिवंगत आत्मा की चिर शांति के लिए भी प्रार्थना करता हूं।’

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here