पटना (बीरेंद्र कुमार): भारत में निर्वासित रूप से रह रहे बौद्ध धर्म गुरु दलाई लामा इस समय बोधगया में हैं। भारत-चीन सीमा विवाद और बौद्ध धर्म गुरु दलाई लामा के बोधगया में रहने के दौरान वहां से चीनी महिला जासूस का गिरफ्तार होना कई तरह की आशंकाओं को जन्म दे रहा है। ऐसे में पुलिस की टीम इस चीनी महिला जासूस को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है। बोधगया में गिरफ्तार इस चीनी महिला जासूस का नाम मिस सांग सिओल बताया जा रहा है। इसके अवैध रूप से भारत के विभिन्न हिस्सों में रहने की बात सामने आ रही है।
जारी हुआ था संदिग्ध महिला का एक स्केच
बौद्ध धर्म के सबसे बड़े धर्म गुरु दलाई लामा इन दिनों बोधगया में प्रवास कर रहे हैं। दलाई लामा तीन दिवसीय कालचक्र पूजा के आयोजन में शामिल होने के लिए 19 वीं वार बोधगया पहुंचे हैं। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम के बीच पुलिस को एक चीनी महिला को लेकर कुछ इनपुट मिले थे। आशंका जताई जा रही थी कि चीन की एक महिला दलाई लामा की जासूसी कर रही है। इसके बाद केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी और बिहार पुलिस ने दलाई लामा के कार्यक्रम को लेकर अलर्ट जारी कर दिया था , साथ ही उस संदिग्ध महिला का एक स्केच भी जारी किया था। इस स्केच के आधार पर ही इसके जारी करने के चंद घंटे के बाद ही उस संदिग्ध चीनी महिला जिसका नाम मिस सांग सिओल था को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
अवैध रूप से भारत में रह रही थी चीनी महिला जासूस
प्राप्त जानकारी के अनुसार जब सुरक्षा एजेंसियों को एक चीनी महिला के द्वारा दलाई लामा की जासूसी किए जाने की जानकारी मिली तो सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई और उस चीनी महिला जासूस की सरगर्मी से तलाश करने लगी। सूचना के आधार पर उसका एक स्केच भी जारी किया। इसी दौरान बोधगया के कालचक्र मैदान के पास बौद्ध भिक्षु के वेश में घूम रही संदिग्ध महिला मिली।
पुलिस ने रोककर इस संदिग्ध महिला से पूछताछ शुरू किया तो उनका शक हकीकत में बदल गया। इसके बाद पुलिस ने उस चीनी महिला जासूस मिस सांग सिओल को गिरफ्तार कर लिया। बोधगया पुलिस थाने में इस चीनी महिला जासूस से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह चीनी महिला जासूस पिछले 2 सालों से गया और बोधगया समेत देश के विभिन्न हिस्सों में रह रही है। इस चीनी महिला जासूस के भारत आने और यहां होने का कोई सरकारी रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है।

