राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ ही आज से बजट सत्र शुरू ,आज होगा आर्थिक सर्वेक्षण पेश 

0
83


न्यूज़ डेस्क
 आज से संसद का बजट सत्र शुरू हो गया। आज सरकार आर्थिक सर्वेक्षण भी पेश करेगी। लेकिन आज सबसे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दोनों सदनों को संयुक्त रूप से सम्बोधित किया है  जिसमे सरकार की उपलब्धियों की बात कही गई है साथ ही कुछ चुनौतियों की भी चर्चा की गई है।  

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि सरकार परीक्षा में होने वाली गड़बड़ी को लेकर युवाओं की चिंताओं से अवगत है और इसे रोकने के लिए एक कानून बनाएगी। मुर्मू ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को निष्प्रभावी किए जाने, औपनिवेशिक आपराधिक कानूनों के स्थान पर नए कानून बनाए जाने सहित केंद्र सरकार के कई अन्य कदमों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्ष में, भारत ने राष्ट्र-हित में ऐसे अनेक कार्यों को पूरा होते हुए देखा है जिनका इंतजार देश के लोगों को दशकों से था। आज अर्थव्यवस्था के विभिन्न आयामों को देखें तो यह विश्वास बढ़ता है कि भारत सही दिशा में है तथा सही निर्णय लेते हुए आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रपति ने कहा, ‘बीते दशक में, मेरी सरकार ने सुशासन और पारदर्शिता को हर व्यवस्था का मुख्य आधार बनाया है।’ उन्होंने कहा कि भारत में बिजनेस करना आसान हो, इसके लिए उपयुक्त माहौल रहे, ये सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण में उद्योग जगत के लोगों के लिए बनाई गई योजनाओं और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए हो रहे प्रयासों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि किसानों को लाखों करोड़ रुपये का आर्थिक लाभ मिले, यह सुनिश्चित किया है। कृषि उत्पादों का निर्यात भी बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, ‘हम सभी बचपन से गरीबी हटाओ के नारे सुनते आ रहे थे। अब हम जीवन में पहली बार बड़े पैमाने पर गरीबी को दूर होते देख रहे हैं।’

राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार ‘न्याय-सर्वोपरि’ के सिद्धांत पर काम कर रही है। देश में डिजिटल डेटा की सुरक्षा के लिए कानून बनाए जा रहे हैं। नेशनल रिसर्च फाउंडेशन कानून से देश में शोध और नवाचार यानी इनोवेशन को बल मिलेगा। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से जुड़े आरक्षण कानून का भी जिक्र किया। राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार, रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की अपनी कमिटमेंट लगातार जारी रखने में सफलता हासिल कर रही है।

नए संसद भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने पहले अभिभाषण में कहा कि बीता वर्ष भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने लगातार दूसरी तिमाही में भारत की विकास दर 7.5 फीसदी रहने का जिक्र करते हुए देश की आर्थिक नीतियों को शानदार बताया। उन्होंने डिजिटल इंडिया जैसी पहल की भी सराहना की

 देश के कोने-कोने से शहीदों के गांवों से दिल्ली लाई गई मिट्टी का जिक्र करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि अमृत कलश को दिल्ली लाया जाना ऐतिहासिक लम्हा था। इसके लिए सरकार ने मेरी माटी मेरा देश अभियान चलाया, जो सराहनीय है।
                    

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here