IND vs NZ U19 World Cup 2024: भारत ने न्यूजीलैंड को 214 रन से हराया,मुशीर खान ने जड़ा तूफानी शतक

0
281

न्यूज डेस्क
अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को ब्लोमफोंटेन के मांगाउंग ओवल में खेले गए सुपर सिक्स के पहले मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड की टीम को 214 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया है। भारत की जीत के हीरो मुशीर खान रहे जिन्होंने शानदार शतक लगाने के बाद दो विकेट भी झटके।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मुशीर की 131 और सलामी बल्लेबाज आदर्श सिंह की 52 रन की पारी की बदौलत आठ विकेट पर 295 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। न्यूजीलैंड की टीम इसके जवाब में बाएं हाथ के स्पिनरों पांडे (19 रन पर चार विकेट) और मुशीर (10 रन पर दो विकेट) के अलावा तेज गेंदबाज राज लिमबानी (17 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 28.1 ओवर में सिर्फ 81 रन पर सिमट गई।

लिमबानी ने न्यूजीलैंड की पारी की पहली और पांचवीं गेंद पर क्रमश: टॉम जोन्स (00) और स्नेहित रेड्डी (00) को आउट किया जिसके बाद पांडे ने लैकलेन स्टैकपोल (05) और जेम्स नेल्सन (10) को पवेलियन भेजकर न्यूजीलैंड का स्कोर 22 रन पर चार विकेट किया और टीम कभी इन झटकों से नहीं उबर पाई। कप्तान ऑस्कर जैकसन 19 रन बनाकर टीम के शीर्ष स्कोर रहे। भारत एक बार फिर इस प्रतियोगिता में खिताब का प्रबल दावेदार नजर आ रहा है। रनों के लिहाज से यह न्यूजीलैंड की तीसरे सबसे बड़ी हार और तीसरा सबसे कम स्कोर है।

इससे पहले मेनगॉन्ग ओवल की बल्लेबाजी की अनुकूल पिच पर मुशीर ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाई और मौजूदा प्रतियोगिता में 300 रन के आंकड़े को पार करने वाले पहले बल्लेबाज बने। मुशीर ने 126 गेंद में 13 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 131 रन की पारी खेली। मुशीर ने विकेट के चारों तरफ शॉट लगाए। इससे पहले भारत की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही। पिछले मैच में शतक जड़ने वाले अर्शिन कुलकर्णी (09) का विकेट टीम ने जल्दी गंवा दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here