न्यूज डेस्क
ऑस्ट्रेलियाई ओपन 2024 के मेंस सिंगल्स सेमीफाइनल में सर्बिया के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच को दिल तोड़ने वाली हार का सामना करना पड़ा है। इटली के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी यानिक सिनर ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलियन ओपन 2024 में बड़ा उलटफेर करते हुए इतिहास रच दिया। सिनर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेन सिंगल्स के सेमीफाइनल में मुकाबले में वर्ल्ड नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच को हरा दिया। इसी के साथ जोकोविच का ऑस्ट्रेलियन ओपन में सफर समाप्त हो गया है।
जोकोविच की इस ग्रैंड स्लैम में 103 मैचों में महज 9वीं हार है। उन्होंने 103 ऑस्ट्रेलियन ओपन मैच खेले हैं, जिसमें 94 जीते हैं और केवल 9 मुकाबले हारे हैं। यहां उनके जीत का परसेंटेज 91% है। इस जीत के साथ ही चौथी वरीयता प्राप्त सिनर पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम फाइनल में पहुंच गये हैं। उन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले में विश्व नंबर-वन टेनिस खिलाड़ी जोकोविच को 6-1, 6-2, 6-7, 6-3 से हराया। इस हार के साथ ही सर्बियाई खिलाड़ी जोकोविच के रिकॉर्ड 11वीं बार ऑस्ट्रेलियन ओपन और 25वां ग्रैंडस्लैम जीतने का सपना टूट गया। उन्हें पहली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा है।
जोकोविच इस मुकाबले में लय में दिखे और शुरुआती दो सेट में सिनर ने एकतरफा अंदाज में जीत हासिल की। तीसरे सेट में जोकोविच ने वापसी की प्रयास करते हुए टाईब्रेकर में जीत हासिल की। लेकिन सिनर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 6-3 से चौथा सेट जीतकर मैच अपने नाम कर लिया। सिनर फाइनल में एलेक्जेंडर ज्वेरेव और डेनिल मेदवेदेव के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से मुकाबला करेंगे।

