रांची (बीरेंद्र कुमार):चीन समेत अन्य देशों में कोरोना संक्रमण के एक बार फिर से तेज़ी से बढ़ते हुए मामले को देखते हुए झारखंड अब अलर्ट मोड में आ गया है। कोरोना की वजह से झारखंड में एक बार फिर से लॉकडाउन लगाने की स्थिति उत्पन्न ना हो जाए, इसके लिए लोगों को ऐसी स्थिति आने से पहले ही सतर्क रहते हुए कोरोना-19 के गाइडलाइन का पालन करना जरूरी हो गया है।
केंद्र सरकार के निर्देश पर राज्य में जारी हुआ कोरोना को लेकर नए निर्देश
चीन के अलावा जापान,अमेरिका,कोरिया और ब्राजील में अचानक कोरोना संक्रमण में वृद्धि को देखते हुए केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। केंद्र सरकार के इस निर्देश के बाद झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने टेस्ट, ट्रैक ,ट्रिप और टीकाकरण की रणनीति का पालन करने का निर्देश दिया है। कोरोना वैरीएंट का पता लगाने के लिए सभी संक्रमितों की जिनोम सीक्वेंसिंग कराने के लिए भी कहा गया है। रिम्स में संक्रमित मरीजों के भर्ती होने के बाद रिम्स अधीक्षक डॉ हीरेंद्र बिरूआ की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें संक्रमण के फैलाव को किस प्रकार से रोका जाए इस विषय पर चर्चा हुई।
किन नियमों का करना होगा पालन?
चिकित्सकों की राय में भारत के लोगों का अन्य देशों से आवागमन होते रहता है। साथ ही लोगों का देश के अंदर भी विभिन्न राज्यों में आना जाना लगा रहता है। ऐसे में झारखंड में भी संक्रमण फैल सकता है। ऐसे में हमें और भी अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। कोविड 19 के नए मामले पहले की अपेक्षा अधिक भयावह भी हो सकता है ,इसलिए लोगों को कोविड-19 के नियम का पालन इस बार भी करना होगा। इसके तहत लोगों को जिन चीजों के पालन के निर्देश दिए गए हैं उनमें मास्क पहनना,दो गज दूरी बनाए रखना,भीड़-भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचना, विदेशों से आने वाले लोगों के लिए कोविड-19 की जांच अनिवार्य रूप से कराना, सैनिटाइजर का प्रयोग करना ,सामाजिक दूरी का ध्यान रखना और यदि कोरोना का टीका नहीं लगाया है तो करोना का टीका जल्दी से जल्दी लगवा लेना प्रमुख है।
कोरोना को लेकर जल्दी होगी झारखंड में उच्चस्तरीय बैठक
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा है कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए झारखंड में अलर्ट जारी कर दिया गया है। केंद्र सरकार की ओर से जारी दिशानिर्देश का पालन किया जाएगा जल्दी ही इसको लेकर उच्च स्तरीय बैठक होगी। झारखंड में जिनोम सीक्वेंसिंग मशीन आ गई है और पिएसए प्लांट भी लगाए गए हैं। कोरोना के मामले में हम पूरी तरह से सजग हैं।

