बिहार में एक्टिव हुआ कांग्रेस,नीतीश कुमार और लालू यादव से मिले अखिलेश और शकील

0
122

विपक्षी दलों का गठबंधन इंडिया जिसे 31 दिसंबर 2023 तक में ही सीट शेयरिंग कर लेना था, लेकिन वह अभी तक ऐसा करने में नाकामयाब रहा है।अभी भी यह गठबंधन सीट शेयरिंग के लिए जद्दोजहद ही कर रहा है।खरमास की समाप्ति के बाद अब बिहार में कांग्रेस ने भी अपनी गतिविधियां तेज कर दी है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह और विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास में जाकर मुलाकात की। इसके बाद वहां से निकलकर दोनों नेता रावड़ी आवास पहुंचे, जहां इन दोनो ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से मुलाकात की। इन नेताओं की मुलाकात की वजह खुलकर सामने नहीं आई है, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि इन लोगों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर आपस में मंथन हुई होगी। साथ ही राहुल गांधी के भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार,उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव को आमंत्रित भी किया गया होगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर कांग्रेस नेताओं ने की बातचीत

बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह और विधायक दल के नेता शकील अहमद खान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने उनके सरकारी आवास एक अणे मार्ग पहुंचे ।इंडिया गठबंधन के तीनों नेताओं के बीच आधे घंटे से भी अधिक समय तक बातचीत हुई। इस मुलाकात की वजह को लेकर कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मुख्यमंत्री से कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर बातचीत हुई है।

बिहार से भी गुजरेगी राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा यात्रा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पिछले दिनों इंडिया गठबंधन दलों की बैठक में कहा था कि राहुल गांधी ने सभी दलों के नेताओं को इस यात्रा में शामिल होने का आमंत्रण दिया है ।राहुल गांधी अपने भारत जोड़ो ने यात्रा के क्रम में 27 या 28 जनवरी को किशनगंज के रास्ते बिहार प्रवेश करेंगे ।बिहार में यह यात्रा किशनगंज, अररिया,पूर्णिया और कटिहार जिलों से गुजरेगी, जहां राहुल गांधी 425 किलोमीटर की दूरी पैदल तय करेंगे।

लालू यादव से मिलने रावड़ी आवास पहुंचे कांग्रेस नेता

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह और विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने रावड़ी आवास पहुंचकर वहां आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से बातचीत की। यहां कांग्रेसी नेताओं ने पहले लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव को राहुल गांधी के नेतृत्व में हो रहे भारत जोड़ो न्याय यात्रा में आमंत्रण देने के साथ ही सीट शेयरिंग पर भी बातचीत हुई।

बिहार में है 40 लोकसभा सीट

बिहार के 40 लोकसभा सीटों को लेकर विपक्षी गंठबंधन इंडिया के घटक दलों के बीच घमासान मचा हुआ है। इस बार जेडीयू बीजेपी के गठबंधन एनडीए के विरोध में उतरेगी। लेकिन बिहार के सियासी समीकरण बदलने के बावजूद विपक्षी गठबंधन इंडिया के घटक दल कांग्रेस, आरजेडी, जेडीयू और वाम दलों के बीच 40 सीटों को लेकर मतैक्य नहीं हो पा रहा है। इंडिया गठबंधन में सीट शेयरिंग जल्दी हो इसे लेकर जेडीयू की ओर से लगातार बयान बाजी होती रही है। खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी सीट शेयरिंग जल्दी तय करने की इच्छा जाहिर की और कांग्रेस की ओर से हो रहे विलंब को लेकर नाराजगी भी जाहिर किया।

मौजूदा 16 सीटों से कम सीटों पर जेडीयू तैयार नहीं

जेडीयू की तरफ से कई प्रमुख नेताओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जिन 16 सीटों पर पिछले चुनाव में जेडीयू की उम्मीदवारों की जीत हुई थी,उन सीटों को जेडीयू अपने पास ही रखेगी। वैसे तो जेडीयू पहले कुल 17 सीटों पर दावा कर रही थी, लेकिन अब भी वह 16 सीटों से नीचे आने के लिए तैयार नहीं है। वहीं आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और कांग्रेस की तरफ से भी बयान आ चुके हैं कि सीट शेयरिंग में समय लगना स्वाभाविक है। तुरंत कुछ भी नहीं हो जाता है, हालांकि सीट शेयरिंग में किसी भी तरह की विवाद को सभी नेताओं ने नकारा है और दावा किया है कि जल्दी ही इसपर बात बन जाएगी।

राहुल गांधी की यात्रा से गरमाएगा माहौल

जेडीयू की तरफ से कई बार यह बयान आ चुका है कि उसका समझौता आरजेडी से हुआ है। इसलिए कांग्रेस और वाम दल पहले सीट शेयरिंग के लिए आरजेडी से बात करें। जब तीनों के बीच सीट शेयरिंग पर आपसी सहमति बन जाए तभी उन्हें जेडीयू के साथ बात करनी चाहिए। इसके पीछे जेडीयू की दलील यह है कि जेडीयू कम से कम अपने सभी 16 वर्तमान सांसदों वाली सीटों को पर तो चुनाव लड़ेगी ही।अब बाकी सीटों पर कैसे फार्मूला तय किया जाएगा, यह गठबंधन के अन्य दलों को तय करना है। वही यह भी माना जा रहा है कि जब राहुल गांधी भारत जोड़ने यात्रा के सिलसिले में बिहार आएंगे तो उनके समक्ष सीट शेयरिंग का मामला उठेगा जिससे प्रदेश की राजनीति गरमा सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here