विकास कुमार
भारतीय संस्कृति की पूरी दुनिया में एक अलग पहचान है,विदेशी लोग भी भारतीय संस्कृति के मुरीद हो जाते हैं। झारखंड में आई इटली की महिला हॉकी टीम भी भारतीय संस्कृति से काफी प्रभावित नजर आई है। रांची में 13 से 19 जनवरी तक हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर के मुकाबले खेले जाने हैं। सभी आठ देशों की टीम प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए मेहनत कर रही हैं। लेकिन खाली समय में विदेशी खिलाड़ी रांची की गलियों और पर्यटन स्थलों को भी देख रहे हैं। इसी दौरान इटली की टीम जगन्नाथपुर मंदिर पहुंचीं और सभी खिलाड़ियों ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन और पूजन किया। इस मौके पर पंडित के साथ इटालियन खिलाड़ियों ने भी संस्कृत में वैदिक प्रार्थना भी पढ़ी।
जगन्नाथ मंदिर में पूजा के दौरान कुछ खिलाड़ियों ने माथे पर दुपट्टा भी रखा था। ये दुपट्टा खिलाड़ियों ने एक दिन पहले ही रांची के बाजार से खरीदा था। वहीं विदेशी मेहमानों का मंदिर के पुजारी ने दिल खोलकर स्वागत किया। जगन्नाथ मंदिर में आने से इटली के खिलाड़ियों को भारत की संस्कृति को नजदीक से समझने का मौका मिला।
ब्यूरो रिपोर्ट,क्यू वाइव नेटवर्क

