बीरेंद्र कुमार झा
सीट शेयरिंग के अध्यक्ष मुकुल वासनिक द्वारा राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को बिहार समेत विभिन्न राज्यों में संभावित सीट शेयरिंग की सूची सौंपने के बाद बिहार के सत्ताधारी महागठबंधन में शामिल जेडीयू और आरजेडी भी काफी सक्रिय हो गई और इन लोगों ने भी बिहार में सीट शेयरिंग का एक फार्मूला तय किया,ताकि कांग्रेस पार्टी के साथ सीट शेयरिंग के मुद्दों पर अपना पक्ष दृढ़तापूर्वक रख सके। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार जेडीयू और आरजेडी आगामी लोकसभा चुनाव में 16-16 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है ,जबकि उसकी अन्य सहयोगी दल कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियों 8 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े कर सकती हैं।
पिता लालू प्रसाद का संदेशा लेकर नीतीश से मिले तेजस्वी
सूत्रों के मुताबिक यह सहमति आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद के छोटे बेटे और डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद यादव और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच हुई बातचीत में बनी है। तेजस्वी यादव ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की थी और सीट बंटवारे के मुद्दे पर राज्य की सभी 40 सीटों पर चर्चा की।ऐसा समझा जा रहा है कि तेजस्वी अपने पिता लालू यादव का संदेश लेकर नीतीश के पास आए थे, जिसपर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री दोनों ने चर्चा की।
बिहार में सीट शेयरिंग में बड़ा हिस्सा रखा है आरजेडी और जेडीयू ने अपने पास
आरजेडी सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक मोटे फार्मूले के अनुसार आरजेडी और जेडीयू 16- 16 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि कांग्रेस को पांच और वाम दलों को तीन सीटें दी जाएगी।हालांकि कुछ प्लस या माइनस पर समझौता किया जा सकता है।बिहार में लोकसभा की 40 सीटें हैं। हालंकि सीट बंटवारे को लगभग अंतिम रूप दे दिया गया है, लेकिन कुछ सीटों पर अभी भी कुछ दिक्कतें हैं ,जहां आरजेडी और जेडीयू दोनों चुनाव लड़ना चाहते हैं।हालांकि इस मुद्दे को भी जल्दी ही सुलझा लिए जाने की बात कही जा रही है।
17 सीटों पर अड़े थे नीतीश कुमार
ऐसी चर्चा एक नीतीश कुमार 17 सीटों पर अड़े हुए थे कि उसकी पार्टी जेडीयू ने 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के साथ साझेदारी में 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था और उसमें से 16 सीटें जीती थी। महागठबंधन के एक नेता ने कहा कि ऐसी स्थिति में आरजेडी और जेडीयू 17- 17 सीटों पर लड़ते हैं ,तो वाम दलों को सिर्फ एक सीट से समझौता करना पड़ सकता था।ऐसे में आरजेडी और जेडीयू ने 16-16 सीटों पर और कांग्रेस को 5 तथा वाम दलों को 3 सीटों वाला फार्मूला तैयार किया।
कुछ सीटों पर दोनों दलों में है तकरार
सूत्रों ने बताया कि जहानाबाद झंझारपुर सीट पर आरजेडी और जेडीयू के बीच तकरार था। आरजेडी इन दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारना चाह रही है जबकि मौजूदा समय में दोनों सीटें जेडीयू के पास है। जगन्नाथपुर से जेडीयू से रामप्रीत मंडल सांसद है जबकि जहानाबाद से जदयू के चंदेश्वर प्रसाद सांसद हैं।

