बीरेंद्र कुमार झा
राजस्थान विधानसभा चुनाव के नतीजे रविवार 3 दिसंबर को आ रहे हैं। ज्यादातर एग्जिट पोल में राज्य में बीजेपी की सरकार बनने की संभावना जताई गई है, लेकिन इंडिया टुडे एक्सेस माय इंडिया और टुडे चाणक्य के एग्जिट पोल में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर में कांग्रेस को थोड़ी बढ़त मिलती दिखाई गई है। इस बात को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस और बीजेपी दोनों दलों के नेता सक्रिय हो गए हैं। बीजेपी के लिए मोर्चा खुद वसुंधरा राजे ने संभाला है तो वहीं कांग्रेस के लिए मैदान में अशोक गहलोत उतरे हुए हैं। ऐसे में राजस्थान में चुनाव लड़ रहे विभिन्न दलों के बागियों और निर्दलीयों के भाव बढ़ते नजर आ रहे हैं।कांग्रेस और बीजेपी के मुख्यमंत्री पद के ये दोनों प्रमुख नेता विभिन्न दलों के बागियों और निर्दलीय उम्मीदवारों से संपर्क साधने में जुट गए हैं,ताकि त्रिशंकु विधानसभा होने की स्थिति में बहुमत का आंकड़ा जुटा सकें।
जीवाराम पर वसुंधरा और गहलोत दोनों दल डाल रहे डोरे
जीवाराम की सांचौर में सीधी टक्कर कांग्रेस के सुखराम बिश्नोई से है। इनकी जीत की संभावना को देखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सांचौर से पूर्व विधायक और इस बार निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले जीवाराम चौधरी को फोन कर जन्मदिन की बधाई दी ।जीवाराम चौधरी ने वसुंधरा राजे को जीत का सर्टिफिकेट लेकर जयपुर आने की बात की।जालौर के सांचौर विधानसभा सीट से बीजेपी से बागी हुए जीवाराम चौधरी ने लगातार दूसरी बार निर्दलीय चुनाव लड़ा है।
दूसरी तरफ जीवाराम चौधरी के समर्थक दावा कर रहे हैं कि उनके पास मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का भी फोन आया था। गहलोत ने जीवाराम को जयपुर में मिलने को कहा था। इस बारे में पूछे जाने पर जीवाराम चौधरी ने कहा कि अब वह 3 दिसंबर को ही अपना पक्ष रखेंगे।सांचौर में कानून व्यवस्था और नर्मदा के मुद्दे पर चुनाव लड़ने वाले जीवाराम चौधरी सांचौर सीट पर मजबूत स्थिति में दिखाई दे रहे हैं।
बीजेपी के बागियों को कांग्रेस तो कांग्रेस के बागियों को लुभाने में जुटी बीजेपी
कांग्रेस के नेताओं ने बाड़मेर जिला में बीजेपी की बागी रविंद्र सिंह भाटी और प्रियंका चौधरी से संपर्क साधा है। वहीं बीजेपी भी कांग्रेस के दो बागियों पर नजर बनाए हुए है। राजस्थान की सबसे हॉट शिव विधानसभा सीट पर बीजेपी के बागी रविंद्र सिंह भाटी और कांग्रेस के बागी फतेह खान के बीच में कड़ी टक्कर का अनुमान लगाया जा रहा है।
बीजेपी और कांग्रेस दोनों के बागी कर रहे जीत का दावा
बीजेपी के बागी रविंद्र सिंह भाटी ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि शिव की जनता ने मुझे आशीर्वाद दिया है। 3 दिसंबर को मैं बड़े अंतराल से चुनाव जीत लूंगा। बीजेपी और कांग्रेस के संपर्क में होने के सवाल पर भाटी ने गोल-गोल जवाब देते हुए कहा कि अभी इस पर कुछ भी नहीं बोलूंगा।सारा फैसला शिव की जनता करेगी। वहीं कांग्रेस के बागी फतेह खान ने कहा कि मैंने 25 तारीख के बाद तमाम बूथों के कार्यकर्ताओं से बातचीत की है और मैं दावे के साथ कर सकता हूं कि शिव का चुनाव में जीत रहा हूं। बीजेपी या कांग्रेस के समर्थन के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह 3 तारीख के बाद ही कुछ फैसला करेंगे।वहीं बाड़मेर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने वाली बीजेपी की बागी प्रियंका चौधरी ने बताया उनके पास लगातार बीजेपी और कांग्रेस नेताओं के फोन आ रहे हैं। बड़े-बड़े नेता उनसे संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने मेरा टिकट काटा था,लेकिन मुझे पार्टी से कोई शिकायत नहीं थी। हां!कुछ नेताओं से शिकायत जरूर थी। टिकट कटने के बाद में संन्यास लेने वाली थी, लेकिन बाड़मेर की जनता ने मुझे चुनाव लड़ाया और मैै दावे के साथ कह सकती हूं कि मैं चुनाव जीत रही हूं। मैं किस पार्टी के साथ जाऊंगी इसका फैसला 3 दिसंबर के बाद करुंगी।

