बीरेंद्र कुमार झा
बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी सरकारी प्रारंभिक,माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों/मकतबों के लिए कैलेंडर वर्ष 2024 के लिए अवकाश घोषित कर दिए हैं।वर्ष 2024 के लिए कुल 60 दिनों की छुट्टियां घोषित की गई है,जिसमें गर्मी की छुट्टी भी शामिल है वर्ष 2023 में कुल धार्मिक अवकाशों की संख्या 30 दिन थी, जबकि अगले साल 2024 के लिए शिक्षा विभाग ने इसमें बड़ा फैसला लिया और ऐसे अवकाशों की संख्या को 30 दिन से घटकर 22 दिन कर दी है। शिक्षा विभाग द्वारा जारी अवकाश तालिका में महाशिवरात्रि,श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, रक्षाबंधन, हरितालिका और रमजान के अंतिम जुम्मे सहित कई छुट्टियों को हटा दिया गया है, वही ईद और बकरीद के अवकाश में इजाफा किया है।इस अवकाश को लेकर सरकार के लिए गए इस फैसले पर अब यहां सियासी घमासान मचा हुआ है। बीजेपी ने इसे मुद्दा बनाया है और सरकार को निशाने पर लिया है।
सुशील मोदी ने साधा निशाना
बिहार में शिक्षा विभाग की ओर से वर्ष 2024 में छुट्टियों का जो नया कैलेंडर जारी किया गया है, उसमें रामनवमी, तीज, जितिया, जन्माष्टमी,रामनवमी और शिवरात्रि समेत कई छुट्टियों को हटाया गया है। रमजान के अंतिम जुम्मे को भी अब छुट्टी नहीं दी जाएगी। वही इस फैसले पर अब बिहार की सियासत गरमाई हुई है। बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि तेजस्वी यादव के बयान के मंदिर में घंटी बजाने से पेट नहीं भरता है के 24 घंटे के भीतर हिंदू पर्व-त्यौहारों की छुट्टियां समाप्त कर दी गई।इस बात की जिम्मेदारी कौन लेगा नीतीश कुमार या तेजस्वी यादव ?मुस्लिम स्कूलों में शुक्रवार की छुट्टी के बाद क्या अब वर्तमान सरकार हिंदू स्कूलों में मंगल को छुट्टी देने का निर्णय लेगी?
केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का हमला
वहीं केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने स्कूलों में छुट्टी के सरकार के इस फैसले को तुष्टीकरण बताया है। उन्होंने सरकार के इस कदम को हिंदू विरोधी बताते हुए कहा कि एक तरफ स्कूलों में मुस्लिम पर्व की छुट्टियां बढ़ाई जा रही है,वहीं दूसरी तरफ हिंदू त्योहारों की छुट्टियां खत्म की जा रही है।
सम्राट चौधरी व विजय सिन्हा भी हमलावर
राज्य सरकार के द्वारा स्कूलों के लिए वर्ष 2024 के अवकाश संबंधित सूची पर बीजेपी के अन्य नेताओं ने भी तीखे हमले किए हैं। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने सरकार को सनातन विरोधी और रामचरितमानस निंदक बताया। सम्राट चौधरी ने कहा कि भाजपा के दबाव और शिक्षकों के हित में सरकार इस आदेश को वापस लेगी। पहले भी ऐसा किया जा चुका है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने इसे तुगलकी आदेश बताते हुए कहा कि हिंदुओं की धार्मिक स्वतंत्रता पर यह एक बड़ा आघात है। सरकार को इसे वापस लेना होगा।रक्षाबंधन, जितिया, भैया दूज पर अवकाश समाप्त करने के फैसले को 3 लाख से अधिक महिला शिक्षकों को प्रताड़ित करने का आरोप बीजेपी नेता ने सरकार पर लगाया है। वहीं केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने इस फैसले को गजवा ए हिंद का हिस्सा तक बता दिया।
वर्ष 2024 में नहीं होगी ये छुट्टियां
महाशिवरात्रि, श्री कृष्ण जन्माष्टमी, रक्षाबंधन,रामनवमी, जानकी नवमी, मई दिवस, गांधी जयंती, गुरु नानक जयंती, हरितालिका तीज, जीवित्पुत्रिका व्रत,अनंत चतुर्दशी, श्री कृष्णा सिंह जयंती,सम्राट अशोक जयंती, रमजान का अंतिम जुमा और चित्रगुप्त पूजा पर छुट्टी नहीं होगी।

