बीरेंद्र कुमार झा
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जा चुके हैं और लोगों को अब 3 दिसंबर का इंतजार है, जब वोटो की गिनती के साथ चुनाव परिणाम सामने आयेगा। इस बीच एक खबर प्रदेश के ग्वालियर से सामने आ रही है। कांग्रेस ने विभिन्न मीडिया में चल रहे एक खबर को आधार बनाते हुए बालाघाट में प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाया है। कांग्रेस का आरोप है कि अधिकारियों ने 3 दिसंबर को होने वाले गिनती से पहले डाक मत पत्र खोलने का काम किया है। मामले को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया दी है कि गिनती से पहले डाक मत पत्र खोले जाने का एक वीडियो सामने आया है।उन्होंने लिखा कि कांग्रेस ने छेड़छाड़ की आशंका को लेकर चुनाव आयोग से शिकायत की है।
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर क्या लिखा
इस मामले को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि निर्वाचन को कलंकित करते बालाघाट कलेक्टर।मध्य प्रदेश के बालाघाट जिला के कलेक्टर डॉक्टर गिरीश मिश्रा ने 27 नवंबर को ही स्ट्रांग रूम खुलवाकर बिना अभ्यर्थियों को सूचना दिए डाक मत पत्रों की मतमेतियां खोल दी है। अंतिम सांसें गिन रही शिवराज सरकार और सरकार की अंधभक्ति में लीन कलेक्टर लोकतंत्र के लिए एक बड़ा खतरा है। कांग्रेस ने आगे लिखा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता सजग सतर्क और चौकन्ना रहें।अपनी करारी हार से बौखलाई बीजेपी की सरकार और कुछ सरकारी दलाल इनके लिए वोट चुराने की फिराक में है।मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी इस ट्वीट को रि ट्वीट किया है।
वीडियो हुआ वायरल
प्रदेश कांग्रेस द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो को लोग लगातार साझा कर रहे हैं।यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।इस पर यूजर लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं।वीडियो की बात करें तो इसमें नजर आ रहा है कि अधिकारी एक स्ट्रांग रूम के अंदर हैं, जो डाक मतपत्रों को छांट रहे हैं। इस वीडियो में कुछ लोगों की आवाज सुनाई दे रही है,जो कह रहे हैं कि निर्वाचन आयोग के नियम हमें भी पता है। मतपत्रों को खोलने से पहले हमें सूचना देना चाहिए था। इस पूरे वाक्य का वीडियो वहां मौजूद कुछ और लोग बनते नजर आ रहे हैं।
बीजेपी का आना है पक्ष
फिलहाल बीजेपी इस मुद्दे को ज्यादा तुल नहीं दे रही है, लेकिन मामला ज्यादा उछला तो फिर बीजेपी को भी इसे लेकर तथ्य प्रस्तुत करना पड़ सकता है।वैसे यह मुद्दा प्रत्यक्ष तौरपर बीजेपी से न जुड़कर बालाघाट के कलेक्टर से जुड़ा हुआ है।

