गुजरात विधानसभा चुनाव में पहले चरण का मतदान सम्पन्न, कुल 60 परसेंट हुई वोटिंग

0
304

अहमदाबाद: गुजरात विधानसभा चुनाव में आज पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न हो गया। शाम 6 बजे खत्म हुए मतदान में कुल 60 फीसदी से अधिक वोट डाले गए। पहले चरण में 19 जिलों की कुल 89 सीटों पर मतदान हुआ। जिन जिलों में वोटिंग हुई उनमें कच्छ, सौराष्ट्र से लेकर दक्षिण गुजरात तक के जिलों का क्षेत्र शामिल है। मतदान कराने के लिए चुनाव आयोग ने 25 हजार 430 मतदान केंद्रों कि व्यवस्था की थी।

तापी जिले में सबसे अधिक मतदान

गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण में सबसे अधिक 72.32 फीसदी मतदान तापी जिले में तो वहीं सबसे कम 53.84 फीसदी मतदान पोरबंदर जिले में दर्ज किया गया। इसके अलावा पुल हादसे वाले मोरबी में 67.65 फीसदी मतदान में वोटरों ने हिस्सा लिया। वहीं अमरेली में 57.06%, भरूच में 63.08 फीसदी, सूरत में 60.17 और राजकोट में 59.47 फीसदी मतदान किया गया। अगर 2017 चुनाव से पहले चरण की तुलना करें तो पिछली बार के मुकाबले इस बार कम मतदान दर्ज किया गया।

पहली बार लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था

चुनाव आयोग ने स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए पहली बार आधे के करीब मतदान केंद्रों में लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था कराई है। लाइव वेबकास्टिंग के तहत इन मतदान केंद्रों में चुनाव सम्पन्न कराए गए। आयोग ने चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी और विश्वसनीय बनाए रखने के मकसद से यह कदम उठाए हैं। गुजरात की मुख्य चुनाव अधिकारी पी भारती ने बताया कि पहले चरण के चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

स्टार उम्मीदवारों की किस्मत EVM में बंद

पहले चरण के चुनाव में 89 सीटों पर 788 उम्मीदवार मैदान में थे, इसमें कई बड़े चेहरे भी शामिल हैं। जैसे गुजरात में AAP के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार ईसूदान गढ़वी सौराष्ट्र क्षेत्र के द्वारका जिले की खंभालिया सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। AAP के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया सूरत के कटारगाम से मैदान में हैं। इसके साथ ही क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा जामनगर (उत्तर) से मैदान में हैं, वहां भी वोटिंग हुई। सूरत की अन्य सीटों से गृह मंत्री हर्ष सांघवी, पूर्णेश मोदी और भावनगर (ग्रामीण) से पांच बार के विधायक पुरुषोत्तम सोलंकी का नाम शामिल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here