नई दिल्ली: चर्चित श्रद्धा वालकर हत्याकांड के आरोपी आफताब अमीन पूनावाला की नार्को जांच कराने का रास्ता साफ हो गया है। पॉलीग्राफी जांच पूरी होने के बाद अदालत ने मंगलवार को दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर नार्को जांच कराने की अनुमति दे दी है।
1 और 5 दिसंबर को होगा नार्को टेस्ट
आरोपी आफताब का नार्को टेस्ट एक और पांच दिसंबर को कराया जा सकता है। उस पर श्रद्धा वालकर की हत्या और शव के 35 टुकड़े करने का आरोप है। उसे 12 नवंबर को गिरफ्तार किया था। दिल्ली पुलिस ने पॉलीग्राफी जांच पूरी होने की जानकारी देते हुए अदालत कसे पूनावाला को नार्को जांच के लिए एक और पांच दिसंबर को साथ ले जाने की अनुमति मांगी थी। अदालत ने सभी तथ्यों पर विचार करने के बाद पुलिस के उनुरोध को स्वीकार कर लिया।
सुरक्षा इंतजाम कड़े किये गये
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार शाम को हुए हमले को देखते हुए मंगलवार को एफएसएल के प्रवेश द्वार पर बीएसएफ की टुकड़ी तैनात कर दी गयी है। एक दिन पहले आफताब को पॉलीग्राफी जांच के लिए ले जाते समय हमला हुआ था। हमलावरों ने पुलिस वाहन पर तलवारों से वार किए थे। इसके मद्देनजर आफताब मंगलवार सुबह करीब 9.30 बजे भारी सुरक्षा के बीच सुरक्षाकर्मियों के साथ पहुंचा। आरोपी आफताब का पॉलीग्राफ परीक्षण मंगलवार को पूरा हो गया।

