मैडम तुसाद म्यूजियम की तर्ज पर अयोध्या में भी तैयार होगा रामकथा पर आधारित वैक्स म्यूजियम 

0
293


न्यूज़ डेस्क 

प्रभु राम की नगरी अयोध्या को विश्व स्तरीय धार्मिक शहर बनाने के लिए योगी सरकार कई तरह के प्रयोग कर रही है। सारे प्रयोग का लब्बोलुबाव यही है कि जो एक बार अयोध्या आ जाए उसके मन में राम की यह नगरी बस  जाए। दुनिया में मशहूर मैडम तुसाद के म्यूजियम की तर्ज पर अयोध्या में भी रामायण की थीम पर विशाल वैक्स  म्यूजियम बनाया जाएगा। राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के साथ अयोध्या का आकर्षण बढ़ाने के लिए योगी सरकार नई-नई परियोजनाएं ला रही हैं। हाल ही में रामकथा आधारित डिजिटल गैलरी के उद्घाटन के बाद अब विश्व स्तरीय वैक्स म्यूजियम बनाने की तैयारी की जा रही है।           
    अयोध्या में बनने वाले इस मोम म्यूजियम में न केवल इस नगर का इतिहास प्रदर्शित किया जाएगा बल्कि देश के प्राचीन वैभव और रामायण काल के पात्रों के पुतले भी लगाए जाएंगे। इस म्यूजियम में त्रिआयामी (थ्री डायमेंशनल) प्रभाव पैदा करने वाली मूर्तियां व चित्र लगाए जाएंगे। इस वैक्स म्यूजियम को बनाने की रूपरेखा अयोध्या नगर निगम ने तैयार की है। म्यूजियम को बनाने के लिए देशी-विदेशी फर्मों से प्रस्ताव मांगे गए हैं। चयनित होने वाली फर्म से नगर निगम 20 सालों के लिए करार करेगा।
                 इस म्यूजियम के लिए अयोध्या नगर निगम ने शहर में अफीम कोठी के पीछे की जगह चिन्हित की है। करीब 10,000 वर्ग क्षेत्रफल में प्रस्तावित इस म्यूजियम में पर्यटकों के आकर्षण के लिए कई चीजें बनाई जाएंगी। निगम अधिकारियों के मुताबिक प्रस्तावित वैक्स म्यूजियम में रामायणकालीन इतिहास की जानकारी के साथ ही पर्यटकों को देश के सांस्कृतिक व आध्यात्मिक इतिहास की भी जानकारी मिलेगी। यहां देश को सशक्त बनाने वाले महापुरुषों की मोम की मूर्तियां भी लगाई जाएंगी।
        वैक्स म्यूजियम तैयार करने वाली फर्म पर इसके निर्माण, मरम्मत के साथ रखरखाव की भी जिम्मेदारी होगी। चयनित फर्म को ही म्यूजियम के लिए सभी जरूरी पूंजी निवेश करना होगा। फर्म को म्यूजियम परिसर में ही मनोरंजन के अन्य साधन उपलब्ध कराने के साथ ही टॉयलेट, पार्किंग व आराम के लिए स्थल तैयार करना होगा।
            अधिकारियों का कहना है कि योजना के मुताबिक म्यूजियम में पर्यटक अधिक देर तक रुके इसके इंतजाम किए जाएंगे। वैक्स म्यूजियम अयोध्या में तेजी से बन रहे राम मंदिर के करीब ही होगा जिसके चलते पर्यटकों के लिए वहां पहुंचना आसान होगा। नगर निगम ने वैक्स म्यूजियम का ले-आउट तैयार करने के बाद इच्छुक फर्मों से प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं। म्यूजियम के लिए वास्तुविद के चयन का जिम्मा भी फर्म का ही होगा।
           गौरतलब है कि हाल ही में राम मंदिर के करीब बने रामकथा संग्रहालय में केंद्र सरकार की ओर से डिजिटल गैलरी का निर्माण कराया गया है। रामकथा संग्रहालय के संचालन व देखरेख की जिम्मेदारी मंदिर निर्माण करा रहे राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंपी गई है। हालांकि वैक्स म्यूजियम का स्वामित्व अयोध्या नगर निगम के पास ही रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here