न्यूज डेस्क
मौसम विभाग ने आज यानी 9 अगस्त को बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। वहीं दिल्ली-एनसीआर के लोगों को आज भारी उमस का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक आज बिहार और उत्तराखंड में भारी बारिश होगी। इसके साथ ही सिक्किम पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में भी आज भारी बारिश होने की संभावना है। अगले चार दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश असम मेघालय नगालैंड मणिपुर मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की/मध्यम से लेकर बहुत भारी बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज से 12 तारीख के दौरान, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज हल्की/मध्यम छिटपुट से लेकर काफी व्यापक वर्षा और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। आज और कल उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी वर्षा होने की भी संभावना है। अगले सात दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के बाकी हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक आज बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, कोंकण और गोवा तटीय कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, विदर्भ, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, गुजरात, केरल, लक्षद्वीप, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश और पंजाब में 1 या 2 स्थानों पर हल्की बारिश की की उम्मीद है।

