Weather Forecast Today : यूपी, बिहार में आज जमकर बरसेंगे बादल,मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए भी जारी किया अर्लट

0
91

न्यूज डेस्क
देश के कई राज्यों में मानसून की बारिश का दौर जारी है। भारी बारिश के बाद कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। इस बीच मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर पश्चिम भारत के कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ इलाकों में भारी बारिश होने के आसार हैं। जबकि, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बारिश की संभावना नहीं है और लोगों को एक बार फिर उमस वाली गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया कि अगले 2-3 दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर के अन्य हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। आईएमडी के मुताबिक उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8 और 9 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।

बिहार में बीते 24 घंटे में अधिकांश भागों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई और मंगलवार को भी प्रदेश में भारी वर्षा होने के आसार हैं। विशेषकर, राज्य के सीमावर्ती जिले, जिसमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण से लेकर कटिहार एवं पूर्णिया तक अति भारी वर्षा होने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश में मंगलवार को मौसम में उतार चढ़ाव का क्रम दिनभर जारी रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से तेज बारिश हाेने की संभावना है। तेज हवाओं के चलने के आसार हैं। सोमवार को हल्की धूप के बीच दिनभर आसमान में बादल छाए रहे।

पंजाब में अगस्त माह में भी मॉनसून का दौर जारी है। अगस्त में लगातार वर्षा हो रही है, जबकि मौसम विभाग ने इस माह में सामान्य से कम वर्षा का पूर्वानुमान लगाया है। रविवार देर रात से लेकर सोमवार सुबह तक पंजाब के कई जिलों में सामान्य से मध्यम वर्षा हुई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 9 अगस्त तक मौसम साफ रहेगा। इस दौरान लोगों को उमस भरी गर्मी झेलनी पड़ सकती है। दस अगस्त से मॉनसून के बीच पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय हो रहा है, जिसके चलते 13 अगस्त तक पंजाब के कई जिलों में हल्की से सामान्य वर्षा और कुछ स्थान पर गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here