न्यूज डेस्क
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला कैरिबियाई टीम ने छह विकेट से जीत कर सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40.5 ओवर में सभी 10 विकेट खोकर 181 रन बनाए थे। इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने 36.4 ओवर में चार विकेट खोकर 182 रन बना लिए और छह विकेट से मैच अपने नाम किया। इस मुकाबले में वेस्टइंडीज के कप्तान होप ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया।

दूसरे वनडे में रोहित शर्मा और विराट कोहली को आराम दिया गया था। भारत ने अपनी पारी में मात्र 181 रन बनाए थे। अपने शानदार प्रदर्शन के लिए वेस्टइंडीज के कप्तान शे होप को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वेस्टइंडीज की ओर से काइल मेयर्स (36), शे होप नाबाद (63) और केसी कार्टी नाबाद (48) रन की दमदार पारी रही।
भारत के गेंदबाज इस बार वेस्टइंडीज के खिलाफ खास अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाये। केवल शार्दुल ठाकुर ही ऐसे गेंदबाज रहे जिन्होंने 3 विकेट झटके। पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव केवल एक विकेट ले पाये। इससे पहले भारतीय गेंदबाज शार्दुल ठाकुर ने अपने पहले ही ओवर में काइल मायर्स (32 रन) और ब्रैंडन किंग (15 रन) को आउट कर वेस्टइंडीज को नौवे ओवर में दोहरे झटके दिये। तीसरा विकेट भी उनके नाम रहा। एलिक अथानाजे उनकी गेंद पर विकेटकीपर को कैच दे बैठे जिससे टीम का स्कोर तीन विकेट पर 72 रन हो गया था।

इससे पहले भारतीय टीम प्रबंधन का कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली को आराम देने का फैसला बुरी तरह फ्लॉप रहा क्योंकि विश्व कप टीम के दावेदार खिलाड़ी वेस्टइंडीज के खिलाफ रफ्तार, उछाल और टर्न का सामना नहीं कर पाये जिससे टीम 40.5 ओवर में 181 रन पर सिमट गयी।
जिसके बाद भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने 55 गेंद में इतने ही रन बनाये और शुभमन गिल (34 रन, 49 गेंद) के साथ पहले विकेट के लिए 90 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत करायी। लेकिन इस भागीदारी के टूटते ही लय टूट गयी और भारतीय टीम ने अगले 7.2 ओवर में 23 रन पर पांच विकेट गंवा दिये।

भारत की पिछले 10 वनडे में विंडीज के खिलाफ यह पहली हार है। अब तीसरा वनडे निर्णायक हो गया है। भारत की ओर से रखे गए 182 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए विंडीज ने कप्तान शाई होप के अर्धशतक के दम पर 36.4 ओवर में 4 विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली।

