बीरेंद्र कुमार झा
अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को विपक्षी दलों के पूर्व मंत्री पूर्व सांसद और पूर्व विधायक समेत कई प्रमुख नेताओं को उनके समर्थकों समेत पार्टी में शामिल कराया। बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने सोमवार को बताया कि पार्टी के राज्य मुख्यालय में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और उत्तर प्रदेश सरकार के दोनों मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक ने राष्ट्रीय लोकदल छोड़कर आए पूर्व सांसद राजपाल सैनी, समाजवादी पार्टी छोड़ कर आए प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री साहब सिंह सैनी, पूर्व सांसद अंशुल वर्मा, एसपी की पूर्व विधायक सुषमा पटेल, ने वाराणसी में लोकसभा की पूर्व एसपी प्रत्याशी शालिनी यादव ,पूर्व मंत्री जगदीश सोनकर, पूर्व विधायक गुलाब सरोज, पूर्व कांग्रेस मीडिया चेयरमैन राजीव बख्शी ,आगरा से बीएसपी के पूर्व चेयरमैन जिला सहकारी बैंक गंगाधर कुशवाहा ,हमीरपुर से एसपी के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा, हापुड से एसपी के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सतपाल यादव, एसपी की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता यादव समेत कई प्रमुख नेताओं को बीजेपी की सदस्यता दिलाई।
अपनी पार्टी छोड़ बीजेपी में आने वाले ज्यादातर नेता ओबीसी
सोमवार को बीजेपी में शामिल होने वाले ज्यादातर नेता अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) समाज से आते हैं। अभी हाल ही में प्रमुख ओबीसी नेताओं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख व पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर के एनडीए का हिस्सा बनने और पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी के विधायक दारा सिंह चौहान के बीजेपी में शामिल होने के बाद इसे सत्तापक्ष की ओर से विपक्ष को दूसरा तगड़ा झटका माना जा रहा है।

