न्यूज़ डेस्क
ठगी के शिकार एक कारोबारी ने ठगने वाले दूसरे कारोबारी या ठग की शिकायत पुलिस में की और जब महाराष्ट्र पुलिस गोंदिया स्थित ठग के घर पर छापा मारा तो पुलिस के भी पसीने छूट गए। इस ठग का नाम अनंत उर्फ़ संटू नवरतन जैन है यह ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफार्म बनाता था और लोगों को ठगने का धंधा चलता था।
पुलिस ने अनंत के घर में छापेमारी की तो उसे नकद 17 करोड़ कैश, 14 किलो सोना और 200 किलो चांदी मिली । पुलिस जब इस घर में छापेमारी को गई थी तब उसे भी यह अंदाजा नहीं था, इस रेड से इतनी बड़ी संपत्ति जब्त होगी। हालांकि छापेमारी शुरू करते ही पुलिस टीम को अंदाजा हो गया था। फिर थोड़ी देर बाद नोट गिनने वाली मशीन मंगवाई गई। साथ ही वरीय अधिकारियों को मामले की जानकारी दे कर सारा सामान जब्त किया गया। रेड पूरी होने के बाद जो तस्वीर बाहर आई, उसमें यह साफ दिख रहा है कि काली कमाई से आरोपी ने महज कुछ ही समय में बेशुमार संपत्ति बना ली है।
बता दें कि अनंत ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म बनाने का काम करता था। उसने एक कारोबारी को नकली सट्टेबाजी ऐप में निवेश का लालच देकर फंसाया और फिर उससे 58 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी कर ली। मामला तब पुलिस के पास पहुंचा जब पीड़ित कारोबारी ने ठगी की शिकायत की। शिकायत में पीड़ित कारोबारी ने बताया कि महज डेढ़ साल में आरोपी ने उससे 58 करोड़ की ठगी कर ली।
फिर पुलिस की जांच तेज हुई। जिसके बाद गोंदिया के काका चौक स्थित आरोपी के घर पर पुलिस ने छापा मारा। जहां से 17 करोड़ से अधिक कैश, 14 किलो सोना, 200 किलो चांदी जब्त की गई। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी देश छोड़ कर भाग गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उसे दुबई भाग जाने की जानकारी मिली है।कहा जा रहा है कि इस खेल में कई सफेदपोश लोग भी शामिल हैं। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।

