न्यूज़ डेस्क
दिल्ली में जी 20 का शिखर सम्मेलन इस साल नवंबर महीने में आयोजित होने वाला है।इस आयोजन में दुनिया भर के लोग शामिल होने वाले हैं। अब उसके आयोजन स्थल का निर्माण पूरा हो चुका है। यह आयोजन स्थल प्रगति मैदान में तैयार किया गया है। आईटीपीओ कॉम्पलेक्स को प्रगति मैदान कॉम्पलेक्स के नाम से भी जाना जाता है। करीब 123 एकड़ में बने इस कॉम्पलेक्स में अभी तक ट्रेड फेयर, बुक फेयर समेत कई कार्यक्रमों का आयोजन होता आया है। इसे नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन ने तैयार किया है। इसका निर्माण कार्य साल 2017 में शुरू हुआ था। इस परिसर को नए सिरे से विकसित करने में 2,700 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 जुलाई को इस नए आईटीपीओ कॉम्पलेक्स का उद्घाटन कर सकते हैं।
बता दें कि इस साल के अंत में भारत जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने वाला है। दुनिया के सबसे ताकतवर नेताओं की जुटान नवंबर महीने में नई दिल्ली में होने वाली है, जिसकी तैयारियां काफी पहले से चल रही हैं। वैसे जी20 की भारत की अध्यक्षता के तहत कई महीने पहले से ही विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन देश भर में चल रहा है। अब फाइनल कार्यक्रम के आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इस शिखर सम्मेलन के आयोजन के लिए दिल्ली के प्रगति मैदान में इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन यानी आईटीपीओ के कॉम्पलेक्स को नए सिरे से विकसित किया गया है। नया आईटीपीओ कॉम्पलेक्स अब पूरी तरह से बनकर तैयार हो चुका है। नया आईटीपीओ कॉम्पलेक्स कई शानदार सुविधाओं से सुसज्जित है। इसमें कंवेंशन सेंटर लेवल-3 में एक साथ 7000 लोगों के बैठने की क्षमता है। वहीं एम्पिथिएटर में 3000 लोग एक साथ बैठ सकते हैं। नए आईटीपीओ कॉम्पलेक्स को तैयार करने में आगंतुकों की पार्किंग का भी ध्यान रखा गया है। कॉम्पलेक्स में एक साथ 5,500 से ज्यादा वाहनों को पार्क किया जा सकता है।

