न्यूज़ डेस्क
क्या सचमुच विपक्षी दलों की बैठक से बीजेपी घबरा गई है ? कांग्रेस लगातार यही कहकर बीजेपी पर हमला कर रही है। आज जहाँ बंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक हो रही है वही दिल्ली में आज ही शाम को एनडीए की बैठक बुलाई गई है। खबर के मुताबिक एनडीए की बैठक में 38 पार्टियां शामिल हो रही है।
बीजेपी की तरफ से आज विपक्षी एकता की बैठक पर जोरदार हमला किया गया। बीजेपी ने विपक्षी बैठक को चोरो की बारात तक कहा है लेकिन कांग्रेस ने सधे रूप से इस पर टिप्पणी की है कांग्रेस ने कहा है कि सच तो यही है कि विपक्षी दलों की बैठक से बीजेपी घबरा गई है। जो प्रधानमंत्री कहते थे वे सभी विपक्षी दलों पर अकेला भारी है आज कई दलों के साथ बैठक करने का ऐलान कर रहे हैं। कांग्रेस ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भगवा पार्टी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में जान फूंकने की बेताब कोशिश कर रही है, यह 26 विपक्षी दलों के एक साथ आने का सीधा प्रभाव है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, “अचानक वर्षों बाद एनडीए को पुनर्जीवित करने की मांग की जा रही है, जो एक तमाशा बन गया था। यह 26 विपक्षी दलों के एक साथ आने का सीधा प्रभाव है। जून में पटना सम्मेलन के बाद 23, और तथ्य यह है कि अधिक दल बेंगलुरु सम्मेलन में भाग ले रहे हैं, भाजपा एनडीए में जान फूंकने की बेताब कोशिश कर रही है।”
बेंगलुरु रवाना होने से पहले दिन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मीडिया से कहा था “संसद को पहले ही बता चुके हैं कि वह अकेले ही पूरे विपक्ष का मुकाबला कर सकते हैं, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 से अधिक पार्टियों को एक साथ लाने की कोशिश क्यों कर रहे हैं?” खड़गे ने दावा किया कि भाजपा विपक्षी एकता से घबरा गई है और केवल संख्या बल में आराम तलाश रही है।खड़गे, जो राज्यसभा में विपक्ष के नेता भी हैं, ने कहा कि विपक्षी दल लंबे समय से मिलते रहे हैं, खासकर संसद सत्र के दौरान। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने एनडीए के 30 सहयोगियों के बारे में पहले नहीं सुना था।
खड़गे ने मोदी पर कटाक्ष करते हुए पूछा, “प्रधानमंत्री ने राज्यसभा में कहा था कि ‘मैं अकेले ही पूरे विपक्ष के लिए काफी हूं, एक अकेला सब पर भारी’ फिर वह 30 से अधिक पार्टियों को एक साथ क्यों ला रहे हैं? ये 30 पार्टियां कौन हैं, उनके नाम क्या हैं, क्या वे सभी चुनाव आयोग के साथ पंजीकृत हैं? ”
उन्होंने कहा, “दरअसल, हम जो कर रहे हैं उसे देखकर वे घबरा गए हैं और अब उन पार्टियों को एक साथ लाने की कोशिश कर रहे हैं जो सिर्फ संख्या दिखाने की कोशिश में टूट गई थीं।” कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने एक ट्वीट में कहा, ”भाजपा स्पष्ट रूप से हमारी एकता से घबरा गई है और अब उन्हें अपनी ‘गठबंधन बैठक’ आयोजित करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। हमारे लिए यही सफलता का सबसे बड़ा संकेत है।”
उन्होंने कहा कि “हम सरकार के अलोकतांत्रिक रवैये के खिलाफ अपनी आवाज उठाना जारी रखेंगे। वे संघीय ढांचे पर कुठाराघात कर रहे हैं, असहमति को चुप करा रहे हैं और अपने राजनीतिक लाभ के लिए समाज में विभाजन को बढ़ावा दे रहे हैं।”

